बीएसई का 10 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड, फायदा 61 फीसदी व राजस्व 84 फीसदी बढ़ा

मुंबई- देश के प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज BSE Ltd ने 10 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड देने का फैसला किया है। मार्च तिमाही में BSE का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 61.3 फीसदी बढ़कर 797 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 494 करोड़ रुपये था। कंपनी की कमाई में मजबूत सुधार आया है।

कंपनी का रेवेन्यू भी तेजी से बढ़ा है। यह सालाना आधार पर 84.7% उछलकर 1,564 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल ₹847 करोड़ था। BSE के बोर्ड ने 2 रुपये फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर ₹10 का फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है। हालांकि, इसके लिए शेयरहोल्डर्स की मंजूरी जरूरी होगी, जो कंपनी की 21वीं सालाना आम बैठक (AGM) में ली जाएगी।

डिविडेंड पाने के लिए रिकॉर्ड डेट 10 जुलाई 2026 तय की गई है। अगर शेयरहोल्डर्स से मंजूरी मिल जाती है, तो यह भुगतान 17 सितंबर 2026 तक या उससे पहले कर दिया जाएगा। इस पर लागू नियमों के अनुसार TDS भी काटा जाएगा।

नतीजों से पहले BSE Ltd का शेयर NSE पर ₹128.90 यानी 3.35% की बढ़त के साथ ₹3,981 पर बंद हुआ। पिछले 1 महीने में स्टॉक 34.91% चढ़ा है। 1 साल के दौरान इसमें 79.53% की तेजी आई है। वहीं, बीते 5 साल में इसने 5,004% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 1.62 लाख करोड़ रुपये है।

BSE Ltd एक स्टॉक एक्सचेंज है, जहां शेयर, बॉन्ड और डेरिवेटिव्स की खरीद-बिक्री होती है। कंपनी एक मजबूत ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म चलाती है, जहां निवेशक और ट्रेडर्स सौदे करते हैं। यह कंपनियों को अपने शेयर लिस्ट करने की सुविधा देती है, ताकि वे बाजार से पूंजी जुटा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *