नोएडा एयरपोर्ट से लखनऊ, अमृतसर सहित इन शहरों के लिए 15 जून से उड़ानें
मुंबई- उत्तर प्रदेश के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) से 15 जून से उड़ानें शुरू हो जाएंगी। इंडिगो (IndiGo) ने सात मई से टिकट बुकिंग शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश के जेवर में स्थित नोएडा एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानें 15 जून, 2026 से शुरू होने वाली हैं।
सूत्रों के अनुसार, NIA पर पहली फ्लाइट 15 जून को यूपी की राजधानी लखनऊ एयरपोर्ट से नोएडा के लिए होगी। नोएडा एयरपोर्ट का चालू होना उत्तर प्रदेश के जेवर में बने इस ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। नोएडा एयरपोर्ट से लखनऊ, हैदराबाद, अमृतसर, बेंगलुरु समेत करीब 16 शहरों के लिए डायरेक्ट फ्लाइट मिलेगी।
एयरपोर्ट का IATA कोड DXN अब IndiGo के सिस्टम पर भी दिखने लगा है। इससे यह संकेत मिलता है कि फ़्लाइट ऑपरेशन शुरू होने के करीब हैं। लखनऊ से IndiGo की पहली फ्लाइट 15 जून को इस नए एयरपोर्ट पर उतरने की संभावना है। अन्य शहरो के लिए भी नियमित शेड्यूल वाली फ्लाइट 15 जून 2026 से शुरू होंगी। इसमें रोजाना हैदराबाद-नोएडा और नोएडा-अमृतसर रूट शामिल हैं।
इसके बाद 16 जून 2026 को बेंगलुरु और जम्मू के लिए फ्लाइट्स शुरू होंगी। फिर 1 जुलाई 2026 से रूट का एक बड़ा ग्रुप शुरू होगा, जिसमें नवी मुंबई, श्रीनगर, जोधपुर, धर्मशाला, भोपाल, देहरादून, लखनऊ, जयपुर, पंतनगर और चंडीगढ़ जैसे शहर शामिल हैं।
इंडिगो ने गुरुवार को एक बयान में बताया कि शुरुआत में इंडिगो नोएडा एयरपोर्ट को चरणबद्ध तरीके से 16 से ज्यादा शहरों से जोड़ेगी। इनमें बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे बड़े मेट्रो शहर शामिल हैं। साथ ही लिस्ट में अमृतसर, चंडीगढ़, धर्मशाला, जयपुर, लखनऊ, पंतनगर और श्रीनगर जैसे कई टियर-II और टियर-III शहर भी शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, पहली कमर्शियल फ्लाइट लखनऊ एयरपोर्ट और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच चलने की उम्मीद है। लखनऊ से IndiGo की पहली फ़्लाइट 15 जून को इस हाईटेक एयरपोर्ट पर उतरने की संभावना है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट नेशनल कैपिटल रीजन (NCR) में तीसरा चालू एयरपोर्ट बन गया है। इसके साथ दिल्ली का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट और गाजियाबाद का हिंडन एयरपोर्ट भी शामिल हैं।

