एसबीआई अधिकारी ने आईसीआईसीआई बैंक की मैनेजर की गोली मारकर हत्या की

मुंबई-लखनऊ में SBI के फील्ड ऑफिसर ने बैंक रिलेशनशिप मैनेजर पत्नी और अपनी बहन की गुरुवार दोपहर को गोली मारकर हत्या कर दी। फिर खुद भी गोली मारकर जान दे दी। वह कार से ICICI बैंक पहुंचा और फोन करके पत्नी दिव्या मिश्रा को ऑफिस से बाहर बुलाया। थोड़ी देर उनसे बातचीत की, फिर गोली मारकर भाग गया।

इसके बाद वह 2 किमी दूर अपने घर पहुंचा। अंदर जाने के बाद कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और बहन को गोली मार दी। फिर खुद को भी गोली मार ली। आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे और दरवाजा तोड़ा। अंदर भाई-बहन की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा चल रही थी।

वारदात गोमतीनगर थाना क्षेत्र में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही अफसर मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा भी मौके पर पहुंचे। वारदात की वजह अभी क्लियर नहीं है। लेकिन, मानस ने वॉट्सएप स्टेटस लगाया था। इसमें मानस ने लिखा- मैने अपनी पत्नी की हत्या कर दी, क्योंकि उसने मुझे धोखा दिया। अब मुझे खुद को और अपनी बहन को भी मारना है। उसकी (दिव्या की) बहन प्रज्ञा और उनके (प्रज्ञा के) पति भरत यादव को सब कुछ पता है।

दिव्या मिश्रा (33) ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर थीं, जो रिलेशनशिप मैनेजर के तौर पर काम कर रही थीं। दिव्या, यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं। दिव्या की शादी 12 साल पहले हुई थी। अभी कोई बच्चा नहीं था। उन्होंने एक साल पहले पति मानस बाजपेई (35) से तलाक के लिए कोर्ट में अपील दायर की थी। इसके बाद से वह आलमबाग में रहती थीं।
पति मानस बाजपेई हुसड़िया चौराहे के पास अपनी बहन सीबा (28) के साथ किराए के मकान में रहता था। वह SBI की इंजीनियरिंग कॉलेज ब्रांच में फील्ड ऑफिसर था। मानस के माता-पिता की मौत हो चुकी है।

सुसाइड से पहले आरोपी ने वॉट्सएप पर स्टेटस लगाया था। इसमें लिखा था- मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है, क्योंकि उसने मुझे धोखा दिया।

ICICI बैंक के बाहर इसी जगह पर आरोपी ने महिला बैंक अफसर को गोली मारी। गोली की आवाज सुनकर बैंककर्मी और आसपास के लोग पहुंचे तो महिला खून से लथपथ पड़ी हुई थी।

वारदात के बाद मानस घर पहुंचा और कमरा बंद करके बहन को गोली मारकर खुद को गोली मार ली। दिव्या के ममेरे भाई मयंक दीक्षित ने बताया कि मीडिया के माध्यम से सूचना मिली कि बहन को गोली मार दी गई है। इसके बाद पता चला कि गोली उनके पति मानस ने मारी है, फिर वह अपने घर जाकर अपनी बहन को भी गोली मार दी और खुद भी आत्महत्या कर ली।

उसने वॉट्सएप पर एक स्टेटस भी लगाया था, जिसमें बहनोई भरत और बहन प्रज्ञा का नाम लिया है। ऐसा कुछ भी नहीं है। इन दोनों को उनके बारे में कोई भी जानकारी नहीं थी। वह कुछ साइको टाइप था, जिसकी वजह से दोनों का एक साल से कोर्ट में विवाद भी चल रहा था।

जानकारी करने पर पता चला है कि दिव्या बैंक के काम से कहीं बाहर गई थी। इसके बाद गाड़ी से ऑफिस पहुंची तभी पहले से सामने खड़ा मानस ने उसको इशारा करके बुलाया। कहा कि कुछ बात करनी है। जब वहां पहुंची तो मानस ने घटना को अंजाम दे दिया।

पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने घटनास्थल का मुआयना किया। इसके बाद बताया- घटनास्थल का मुआयना किया गया है। मानस बाजपेई ने अपनी पत्नी की हत्या कर कुछ ही मिनट में घर लौटा और स्टेटस लगाकर बहन की हत्या की और खुद को मार लिया। पड़ोसी पहुंचे तो उन्हें दोनों की डेडबॉडी मिली।

मानस के परिजनों से जो बात हुई है, उसमें यह बात सामने आई है कि बहन तूलिका पिछले 3 साल से डिप्रेशन में रहती थी। बीमार थी। तीनों की बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की अभी तफ्तीश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *