बिहार के उच्च शिक्षा मंत्री के घर चोरी, आधा किलो सोना, 2 किलो चांदी गायब
मुंबई- बिहार के उच्च शिक्षा मंत्री संजय टाइगर के पटना के घर से 600 ग्राम सोना, दो किलोग्राम चांदी और सात लाख रुपये नकद चोरी हो गए हैं। पुलिस के अनुसार, चोरी की यह घटना शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात पटना के एजी कॉलोनी स्थित मंत्री के दो मंजिला मकान में हुई।
जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने घर के ताले तोड़े। उसके बाद चार फ्लैट के 8 कमरों में चोरी की। यह इलाका शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। सचिवालय के एसडीपीओ-2 साकेत कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि मंत्री के छोटे भाई अपने परिवारों के साथ इस मकान में रहते हैं। हालांकि, छठ पूजा मनाने के लिए परिवार के सभी सदस्य भोजपुर जिले में अपने पैतृक गांव गए हुए थे। इसी दौरान चोरी की गई।
मंत्री ने बताया कि घर लौटने पर परिजनों ने पुलिस को चोरी की सूचना दी। चोर अलमारियों में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुरा ले गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने कमरों में सामान बिखेर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

