IPO, FPO और QIP से पैसा जुटाना होगा आसान, नियम बदलने की तैयारी

मुंबई-मार्केट रेगुलेटर SEBI IPO, FPO और QIP से जुड़े नियमों को आसान बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए रेगुलेटर ने अपनी प्राइमरी मार्केट एडवाइजरी कमेटी (PMAC) के तहत एक सब-ग्रुप बनाया है। इसका मकसद कंपनियों के लिए शेयर बाजार से पैसा जुटाने की प्रक्रिया आसान करना है। साथ ही, ऐसे खुलासों और प्रक्रियाओं को कम करने पर भी विचार होगा, जिनकी जरूरत नहीं रह गई है।

SEBI का सब-ग्रुप कुछ अहम नियमों की समीक्षा करेगा। इसमें IPO, FPO, प्रेफरेंशियल इश्यू और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) से जुड़े प्रावधान शामिल हैं। पैनल यह देखेगा कि कंपनियों को शेयर बाजार से पैसा जुटाने के लिए किन शर्तों को पूरा करना पड़ता है। प्रमोटरों के शेयरों पर लॉक-इन के नियमों की भी समीक्षा होगी। इसके अलावा आवेदन करने, शेयरों के आवंटन और अलॉटमेंट की प्रक्रिया को आसान बनाने पर विचार किया जाएगा।

ऑफर डॉक्यूमेंट में दी जाने वाली जानकारी और रेगुलेटरी फाइलिंग के नियम भी समीक्षा के दायरे में हैं। इश्यू प्राइस तय करने, प्राइस बैंड और फ्लोर प्राइस से जुड़े नियमों को भी देखा जाएगा। इसके साथ ही मर्चेंट बैंकर और दूसरे मध्यस्थों को जमा करने वाले सर्टिफिकेट और दस्तावेजों की प्रक्रिया आसान बनाने पर भी विचार होगा।

इस सब-ग्रुप की अध्यक्षता NSE के MD और CEO आशीष चौहान करेंगे। पैनल में BSE के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर गोपालन एस राघवन, ICAI के प्रेसिडेंट प्रसन्ना कुमार डी और ICSI के प्रेसिडेंट पवन कुमार चंदक भी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *