सस्ती होगी चीनी, आयात टैक्स फ्री हुआ, दो महीने में 40 फीसदी महंगी हुई
मुंबई- लगातार महंगी होती चीनी से राहत मिल सकती है। त्योहारी सीजन में इसके और ऊपर जाने की उम्मीद थी, लेकिन अब इसकी कीमतों में गिरावट आ सकती है। केंद्र सरकार ने इसके आयात को टैक्स फ्री कर दिया है।
टैक्स फ्री की छूट 31 अक्टूबर तक रहेगी। अभी चीनी रिटेल में ₹55 प्रति किलो के करीब बिक रही है। भारत दुनिया में चीनी का सबसे बड़ा उपभोक्ता है। अक्टूबर के दौरान देश में दिवाली और दुर्गा पूजा जैसे बड़े त्योहार आते हैं, जिसमें मिठाई, केक और पकवानों की भारी डिमांड के कारण शक्कर की खपत सबसे ज्यादा होती है।
कमोडिटी मार्केट के एक्सपर्ट्स और बाजार विश्लेषकों का मानना है कि भारत सरकार के इस फैसले का असर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दिखेगा। भारत दुनिया का सबसे बड़ा चीनी उपभोक्ता है, इसलिए जैसे ही भारत अंतरराष्ट्रीय बाजार से 10 लाख टन कच्ची चीनी की उठाएगा, ग्लोबल मार्केट में इसकी मांग अचानक बढ़ जाएगी।

