एसएमई कंपनियों ने जनवरी से जून के बीच जुटा लिए 3,752 करोड़ रुपये
मुंबई- छोटी और मझोली कंपनियों यानी एसएमई ने साल 2026 की पहली छमाही में शेयर बाजार से अच्छा पैसा जुटाया है। जनवरी से जून के बीच 78 आईपीओ के जरिए इन कंपनियों ने कुल 3,752 करोड़ रुपए जुटाए। खास बात यह रही कि पिछले दो साल के मुकाबले आईपीओ की संख्या कम रही, लेकिन फिर भी कंपनियों को निवेशकों का अच्छा साथ मिला।
3,752 करोड़ रुपए में से करीब 3,555 करोड़ रुपए फ्रेश कैपिटल के जरिए जुटाए गए। यानी कुल इश्यू साइज का लगभग 95% हिस्सा नई पूंजी से आया. ऑफर फॉर सेल यानी ओएफएस के जरिए केवल 197 करोड़ रुपए जुटाए गए। पिछले साल 2025 की पहली छमाही में ओएफएस से 328 करोड़ रुपए जुटाए गए थे।
साल 2026 की पहली छमाही में 78 एसएमई आईपीओ आए। 2025 की पहली छमाही में यह संख्या 88 और 2024 की पहली छमाही में 116 थी. हालांकि, आईपीओ की संख्या कम होने के बावजूद जुटाई गई रकम केवल थोड़ी कम रही। 2025 की पहली छमाही में 4,004 करोड़ रुपए जुटाए गए थे, जबकि इस साल 3,752 करोड़ रुपए जुटाए गए. इससे पता चलता है कि अच्छी एसएमई कंपनियों में निवेशकों की दिलचस्पी अभी भी बनी हुई है।
2026 की पहली छमाही में एसएमई आईपीओ बाजार की रफ्तार थोड़ी संतुलित रही, लेकिन कंपनियों की फंड जुटाने की क्षमता मजबूत बनी रही. उन्होंने कहा कि कम लिस्टिंग के बावजूद करीब 3,800 करोड़ रुपए जुटाना दिखाता है कि अच्छी कंपनियों को इक्विटी कैपिटल आसानी से मिल रही है।

