BSE समेत इन 3 शेयरों में निवेश पर मिल सकता है 40 पर्सेंट तक का रिटर्न
मुंबई- ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने BSE, अदाणी पोर्ट्स और श्रीराम फाइनेंस के शेयरों पर खरीदारी की सलाह दी है। इसके मुताबिक, बीएसई में करीब 18 फीसदी, अडानी पोर्ट्स में करीब 22 फीसदी और श्रीराम फाइनेंस में करीब 40 फीसदी की संभावित तेजी बनती है।
ब्रोकरेज ने बीएसई के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। यह शेयर 4,000 रुपये तक जा सकता है। यानी 3,376 रुपये के मौजूदा भाव से इसमें 18 पर्सेंट की तेजी आने की उम्मीद है। बीएसई के शेयर में तेजी की उम्मीद के पीछे डेरिवेटिव कारोबार में सुधार, बाजार हिस्सेदारी बढ़ने की संभावना और कंपनी के दूसरे कारोबारों से होने वाली कमाई अहम वजहें हैं।
मोतीलाल ओसवाल का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026-27 में बीएसई का औसत दैनिक कारोबार 216 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। इसमें सालाना आधार पर 16 फीसदी बढ़ोतरी का अनुमान है।
अडानी पोर्ट्स के शेयरों में 22 पर्सेंट का रिटर्न मिल सकता है। यह शेयर 2,130 रुपये तक जा सकता है। यानी मौजूदा भाव 1739 रुपये की तुलना में इसमें 22 पर्सेंट की तेजी आ सकती है। कंपनी के कार्गो वॉल्यूम में बढ़ोतरी, बंदरगाहों की क्षमता का विस्तार और लॉजिस्टिक्स कारोबार में संभावनाएं इस सकारात्मक नजरिये की प्रमुख वजहें हैं।
वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में देश के बड़े बंदरगाहों पर कुल कार्गो वॉल्यूम सालाना आधार पर 10 फीसदी बढ़ा। इसी अवधि में अडानी पोर्ट्स ने करीब 142 मिलियन टन कार्गो संभाला, जो पिछले साल की समान तिमाही से 15 फीसदी अधिक था।
श्रीराम फाइनेंस को इस ब्रोकरेज हाउस ने खरीदने की सलाह दी है। इसका मानना है कि यह शेयर 1,155 रुपये तक जा सकता है। यानी मौजूदा भाव 826 की तुलना में इसमें करीब 40 पर्सेंट तक रिटर्न मिल सकता है। हालांकि, कंपनी के तिमाही नतीजों में मुनाफा बढ़ने के साथ कर्ज की वसूली और एसेट क्वालिटी को लेकर कुछ चिंताएं भी सामने आई हैं।
वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर करीब 60 फीसदी बढ़कर 3,680 करोड़ रुपये के आसपास रहा। शुद्ध ब्याज आय (NII) करीब 40 फीसदी बढ़कर 8,410 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, मुख्य परिचालन लाभ यानी प्री-प्रोविजन ऑपरेटिंग प्रॉफिट (PPoP) सालाना आधार पर 53 फीसदी बढ़कर करीब 6,810 करोड़ रुपये रहा।

