अदाणी ग्रीन के शेयरों में भारी गिरावट मुनाफे के बाद 6 प्रतिशत टूटा शेयर
मुंबई- चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (Q1 FY27) में शानदार वित्तीय नतीजों के बावजूद गुरुवार को अडानी ग्रीन एनर्जी ( Adani Green Energy ) के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई (BSE) पर कंपनी का शेयर 6.30% टूटकर 1380.05 रुपये पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान यह 1372.70 रुपये तक गिर गया था।
कंपनी का समेकित खुदरा शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 19% बढ़कर 845 करोड़ रुपये रहा। वहीं ऑपरेशंस से मिलने वाले रेवेन्यू में भी तेजी आई। यह 16% बढ़कर 4,663 करोड़ रुपये हो गया। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म बर्नस्टीन ने अडानी ग्रीन के शेयर पर Underperform (गिरावट की आशंका) रेटिंग बरकरार रखी है। इसके पीछे मुख्य वजह कंपनी की नई स्ट्रक्चरल डील है।
दरअसल, अडानी ग्रीन ने अपनी पूरी 4 GW की मर्चेंट जेनरेशन कैपेसिटी और 10 GWhr की बैटरी स्टोरेज कैपेसिटी को दीर्घकालिक फिक्स्ड टैरिफ के आधार पर अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस को सौंपने का फैसला किया है।
ब्रोकरेज का मानना है कि यद्यपि यह व्यवस्था अडानी ग्रीन को निष्पादन पर ध्यान केंद्रित करने में मदद करेगी, लेकिन डेटा सेंटर्स जैसे औद्योगिक ग्राहकों को बिजली बेचकर जो बड़ा मुनाफा कमाया जा सकता था, उसका बड़ा हिस्सा अब अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के खाते में चला गया है।

