इस एसएमई आईपीओ की धमाकेदार एंट्री, 100 रुपये का निवेश बना 135 रुपये
मुंबई- ब्यूटी और पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स बेचने वाली रिकोड स्टूडियोज के शेयरों की बीएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर धमाकेदार लिस्टिंग हुई है। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और इसे ओवरऑल 234 गुना से अधिक बोली मिली थी।
आईपीओ के तहत निवेशकों को 158 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। कल इसकी लिस्टिंग 213.10 पर हुई। यानी आईपीओ निवेशकों को 34.87% का लिस्टिंग गेन (Recode Studios Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह ₹223.75 (Recode Studios Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया और इसी पर बंद भी हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 41.61% मुनाफे में हैं।
रीकोड स्टूडियोज का ₹45 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 5-7 मई तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 234.64 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 137.99 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 404.76 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 216.65 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹39 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं।
ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹5.74 करोड़ पंजाब के लुधियाना में नए वेयरहाउस फैसिलिटी के सेटअप, ₹5.41 करोड़ मार्केटिंग और ऐड, ₹19.50 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
वर्ष 2021 में बनी ‘रिकोड’ ब्रांड की ब्यूटी और पर्सनल केयर कंपनी रिकोड स्टूडियोज ओमनीचैनल नेटवर्क के जरिए अपने प्रोडक्ट्स बेचती है। इसके तहत कंपनी के पास अपने खुद के स्टोर्स हैं, फ्रेंचाइजी स्टोर्स हैं। इसके अलावा यह थर्ड पार्टी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के साथ-साथ अपने खुद के वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए भी प्रोडक्ट्स की बिक्री करती है। देश के 14 राज्यों में इसके 24 स्टोर्स हैं जिसमें से 3 तो इसके खुद के हैं। इसके प्रोडक्ट रेंज में मेक-अप, स्किनकेयर, बॉडी केयर और ब्यूटी एक्सेसरीज हैं।
वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹69 लाख का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में घटकर ₹27 लाख ही रह गया लेकिन फिर वित्त वर्ष 2025 में यह तेजी से बढ़कर ₹3.30 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम में लगातार ग्रोथ दिखी और यह सालाना 46% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹47.94 करोड़ पर पहुंच गई। पिछले वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो अप्रैल-दिसंबर 2025 में कंपनी को ₹9.06 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹57.45 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हुआ था।

