चांदी एक दिन में 8,667 रुपये महंगी, इस साल 34 हजार का भारी उछाल आया

मुंबई- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोगों से सोना न खरीदने की अपील के बावजूद 12 मई को सोना-चांदी में तेजी रही। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, एक किलो चांदी 8,667 रुपए बढ़कर 2,64,867 रुपए पर पहुंच गई है।

10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,270 रुपए चढ़कर 1,51,632 रुपए पर पहुंच गया है। इस साल सोने-चांदी की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। सोना 2026 में अब तक 18,433 रुपए और चांदी 34,447 रुपए महंगी हुई है। 31 दिसंबर 2025 को 10g सोना 1.33 लाख रुपए पर था, जो अब 1.52 लाख रुपए पर पहुंच गया है।

चांदी 2.30 लाख रुपए किलो थी, जो अब 2.65 लाख रुपए पर पहुंच गई है। इस दौरान 29 जनवरी को सोने ने 1.76 लाख रुपए और चांदी ने 3.86 लाख रुपए का ऑलटाइम हाई भी बनाया था। दिलचस्प बात यह रही कि घरेलू बाजार में तेजी के बावजूद अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी दोनों में गिरावट देखने को मिली। स्पॉट गोल्ड 42.33 डॉलर यानी करीब 1 फीसदी गिरकर 4692.64 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं स्पॉट सिल्वर 3.04 फीसदी टूटकर 83.49 डॉलर प्रति औंस रह गया।

ब्रोकरेज के मुताबिक मजबूत डॉलर और अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी की वजह से कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। बाजार का मूड उस समय और सतर्क हो गया, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ युद्धविराम अब ‘खतरे में’ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *