सबसे बड़ा आईपीओ जियो का 38000 करोड़ रुपये का दिवाली में आने की उम्मीद

मुंबई- रिलायंस इंडस्ट्रीज की टेलीकॉम और टेक्नोलॉजी कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड देश का सबसे बड़ा IPO लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी इस इश्यू को नवरात्र या दिवाली के आसपास लॉन्च करने का प्लान बना रही है।

कंपनी इस इश्यू से लगभग ₹37,800 जुटाएगी। यह देश का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू होगा। इस बार नवरात्र 11 अक्टूबर से शुरू होकर 20 अक्टूबर यानी दशहरा तक चलेगा। माना जा रहा है कि कंपनी अगले हफ्ते से ही इंटरनेशनल रोडशोज की शुरुआत कर सकती है।

वहीं 6 नवंबर को धनतेरस और 8 नवंबर को दिवाली है। अगर नवरात्र विंडो मिस होती है, तो कंपनी दिवाली पर इश्यू लॉन्च कर सकती है। जियो प्लेटफॉर्म्स अगले 1-2 हफ्तों के भीतर आईपीओ की तारीखों को फाइनल कर सकती है। इसके बाद कंपनी विदेशी निवेशकों के लिए 3 हफ्तों का इंटरनेशनल रोडशो करेगी।

विदेशी दौरों के बाद कंपनी भारत में डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स और रिटेल निवेशकों के साथ 2 हफ्तों तक मीटिंग्स और प्रेजेंटेशन आयोजित करेगी। अगर यह आईपीओ तय ₹37,800 करोड़ के साइज पर लॉन्च होता है, तो यह भारतीय शेयर बाजार के इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ बन जाएगा।

कंपनी 27 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी करेगी। यह कंपनी की पोस्ट-इश्यू शेयर कैपिटल का करीब 2.9% हिस्सा होगा। आईपीओ से जुटाए जाने वाले फंड का बड़ा हिस्सा रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड (RJIL) का कर्ज चुकाने में खर्च किया जाएगा। कंपनी करीब ₹27,500 करोड़ का इस्तेमाल लोन चुकाने/प्रीपेमेंट में करेगी। इश्यू की बाकी रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों में किया जाएगा।

जियो प्लेटफॉर्म्स में दुनिया के कई बड़े दिग्गज निवेशकों का पैसा लगा हुआ है। वर्तमान में बड़े विदेशी निवेशकों के पास कंपनी की कुल 30.9% हिस्सेदारी है। कंपनी में जादू होल्डिंग्स (मेटा/फेसबुक) की 9.98% और गूगल इंटरनेशनल की 7.73% हिस्सेदारी है। वहीं अन्य निवेशकों में सऊदी अरब का पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (PIF), सिल्वर लेक, विस्टा इक्विटी, जनरल अटलांटिक, केकेआर (KKR) और आबू धाबी इन्वेस्टमेन्ट अथॉरिटी (ADIA) से जुड़े फंड्स शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *