खुदरा महंगाई अप्रैल में बढ़कर 3.48 प्रतिशत पर पहुंची, खाने-पीने की चीजें महंगी
मुंबई- अप्रैल की रिटेल महंगाई बढ़कर 3.48% पर पहुंच गई है। इससे पहले मार्च में यह 3.40 प्रतिशत पर थी। महंगाई में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। यह तनाव लंबा चला तो महंगाई आगे और बढ़ सकती है।
महंगाई बढ़ने की सबसे बड़ी वजह खाने-पीने की चीजों के दामों का बढ़ना है। फूड इन्फ्लेशन अप्रैल में बढ़कर 4.20% पर पहुंच गई। मार्च में यह आंकड़ा 3.87% था। कीमतों में सबसे अधिक 144.34 फीसदी की बढ़ोतरी चांदी से बने आभूषणों में दर्ज की गई। नारियल-कोपरा (44.55 फीसदी), सोना, हीरा और प्लैटिनम आभूषण (40.72 फीसदी), टमाटर (35.28 फीसदी) और फूलगोभी (25.58 फीसदी) का स्थान रहा।
आरबीआई अपनी द्विमासिक मौद्रिक समीक्षा के दौरान खुदरा महंगाई के आंकड़ों को ही ध्यान में रखकर निर्णय करता है। एनएसओ के आंकड़ों से पता चलता है कि अप्रैल के दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महंगाई की दर 3.74 फीसदी और 3.16 फीसदी दर्ज की गई। राज्यों में तेलंगाना में सबसे अधिक 5.81 फीसदी और मिजोरम में सबसे कम 0.69 फीसदी महंगाई दर्ज की गई।

