इन दो शेयरों में मिल सकता है 36 पर्सेंट तक का रिटर्न, यह हैं इनके अभी भाव
मुंबई- ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल को IIFL फाइनेंस में करीब 36 फीसदी और इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक में 34 फीसदी बढ़त की उम्मीद है। दोनों कंपनियों को लेकर ब्रोकरेज ने अलग-अलग वजहें बताई हैं। IIFL फाइनेंस में ब्लैकस्टोन के बड़े निवेश से कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत होने की संभावना है। वहीं, इक्विटास बैंक को कर्ज कारोबार बढ़ने और फंसे हुए कर्ज में कमी आने से फायदा मिल सकता है।
मोतीलाल ओसवाल ने IIFL फाइनेंस के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। उसका मानना है कि यह शेयर 850 रुपये तक जा सकता है। अभी यह शेयर 627 रुपये के करीब है। यानी 35.6 पर्सेंट का फायदा मिलने की उम्मीद है। IIFL फाइनेंस ने नए शेयर और शेयरों में बदली जा सकने वाली प्रतिभूतियां जारी करके करीब 6,414 करोड़ रुपये जुटाने की योजना को मंजूरी दी है। इसमें वैश्विक निवेश कंपनी ब्लैकस्टोन 5,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
ब्रोकरेज के मुताबिक, नई पूंजी आने से IIFL फाइनेंस का पूंजी पर्याप्तता अनुपात सितंबर 2026 के करीब 17 फीसदी से बढ़कर लगभग 30 फीसदी हो सकता है। पूंजी पर्याप्तता अनुपात से पता चलता है कि कंपनी के पास अपने कर्ज कारोबार से जुड़े जोखिम उठाने के लिए कितनी पूंजी उपलब्ध है।
मोतीलाल ओसवाल ने इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक के शेयरों को भी खरीदने की सलाह दी है। उसका मानना है कि यह शेयर 75 रुपये तक जा सकता है। यानी मौजूदा भाव से 33.9 फीसदी बढ़त की संभावना जताई गई है। बैंक का कुल कर्ज कारोबार सितंबर तिमाही में पिछले साल के मुकाबले 29 फीसदी बढ़कर 46,800 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, ग्राहकों की जमा राशि 19 फीसदी बढ़कर 52,500 करोड़ रुपये रही। ब्रोकरेज को वित्त वर्ष 2026 से 2028 के बीच कर्ज कारोबार में सालाना औसतन 19 फीसदी बढ़ोतरी की उम्मीद है।
बैंक के कुल फंसे हुए कर्ज (GNPA) का अनुपात घटकर 2.29 फीसदी रह गया है। वहीं, संभावित नुकसान की भरपाई के लिए अलग रखी गई रकम घटाने के बाद फंसे कर्ज (NNPA) का अनुपात 0.70 फीसदी पर आ गया है। इससे पता चलता है कि बैंक के खराब कर्ज की स्थिति में सुधार हुआ है।
इक्विटास बैंक में शीर्ष प्रबंधन का बदलाव एक अहम चुनौती है। प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी एन वासुदेवन के इस्तीफे के बाद नए प्रमुख की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। बालाजी नुथलापदी को नियामकीय मंजूरी के अधीन अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है।

