सैमसंग-इलेक्ट्रॉनिक्स की मार्केट वैल्यू 1 ट्रिलियन डॉलर पार, एशिया की दूसरी कंपनी
मुंबई- साउथ कोरिया की दिग्गज कंपनी सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स की मार्केट वैल्यू 1 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 95.08 लाख करोड़ रुपए के पार हो गई है। आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स की बढ़ती मांग के कारण दुनिया की इस सबसे बड़ी मेमोरी चिप मेकर कंपनी के शेयरों में पिछले एक साल में करीब 400% की तेजी आई है।
बुधवार को कारोबार के दौरान सैमसंग के शेयरों में 15% का उछाल आया है। इसके साथ ही ताइवान की TSMC के बाद सैमसंग यह मुकाम पाने वाली एशिया की दूसरी कंपनी बन गई है। सैमसंग के शेयरों में आई इस तेजी का असर साउथ कोरिया के बेंचमार्क इंडेक्स कोस्पी (Kospi) पर भी दिखा, यह 7,400 के स्तर के ऊपर निकल गया।
सैमसंग के साथ-साथ एसके हाइनिक्स (SK Hynix) और टीएसएमसी (TSMC) जैसी कंपनियां ग्लोबल AI इकोसिस्टम में एशिया को एक मुख्य केंद्र के रूप में स्थापित कर रही हैं। पिछले एक महीने में एसके हाइनिक्स के शेयरों में 81% से ज्यादा और टीएसएमसी में 21.77% की बढ़त दर्ज की गई है।
इससे पहले मार्च तिमाही में सैमसंग के सेमीकंडक्टर डिवीजन के मुनाफे में सालाना आधार पर 48 गुना की बड़ी ग्रोथ देखी गई थी। एआई-आधारित डेटा सेंटर्स से मिल रही मजबूत डिमांड और बेहतर मार्जिन ने कंपनी की कमाई को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिग्गज टेक कंपनी एपल इंक ने अमेरिका में अपने डिवाइसेज के लिए प्रोसेसर बनाने के लिए सैमसंग के साथ शुरुआती बातचीत की है।

