पीएनबी की ब्याज से कमाई घटी, कुल कारोबार 30 लाख करोड़ रुपये के करीब हुआ
मुंबई-पंजाब नेशनल बैंक (PNB) का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 14% बढ़कर मार्च तिमाही में 5,225 करोड़ रुपये पहुंच गया है। पिछले साल इसी तिमाही में ₹4,567 करोड़ था। वहीं पिछली तिमाही में ये ₹5,100 करोड़ था।पूरे वित्त वर्ष यानी 2025-26 में मुनाफा 1.64% बढ़कर ₹16904 करोड़ हो गया। एक साल पहले यानी वित्त वर्ष 2024-2025 में बैंक का मुनाफा 16630 करोड़ रहा था।
बैंक ने 3 रुपये प्रति शेयर के डिविडेंड की सिफारिश की है। इस पर अंतिम फैसला आगामी एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद लिया जाएगा। बैंक की शुद्ध ब्याज आय (NII) में इस बार गिरावट आई है। सालाना आधार पर यह 4% घटकर ₹10,380 करोड़ पर आ गई है, जो पिछले साल ₹10,757 करोड़ थी।
बैंक ने इस तिमाही में ₹424 करोड़ का प्रोविजन किया है। यह पिछली तिमाही (₹1,150 करोड़) से कम है, लेकिन पिछले साल की समान अवधि (₹360 करोड़) से अधिक है। बैंक की एसेट क्वालिटी पिछली तिमाही के मुकाबले बेहतर हुई है। ग्रॉस NPA: यह 3.19% से घटकर 2.95% पर आ गया है।
PNB का ग्लोबल बिजनेस सालाना आधार पर 11% बढ़कर ₹29.72 लाख करोड़ हो गया है। घरेलू बिजनेस में करीब 10% की ग्रोथ रही और यह ₹28.45 लाख करोड़ पर पहुंच गया। बैंक के ग्लोबल डिपॉजिट में 9.25% की बढ़त दर्ज की गई है और यह ₹17.11 लाख करोड़ रहा।

