चांदी एक दिन में 9,134 रुपये सस्ती, इस महीने में 39,000 रुपये टूट गई

मुंबई- फेस्टिव सीजन में सोना-चांदी की कीमतों में जमकर गिरावट आ रही है। एक किलो चांदी 9,134 रुपए घटकर 1.81 लाख रुपए पर आ गई है, जो गुरुवार को 1.90 लाख रुपए पर थी। वहीं, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 2,201 रुपए गिरकर 1.41 लाख रुपए आ गया है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में शुक्रवार, 30 अक्टूबर को चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली। चांदी करीब 5 फीसदी टूटकर 50 डॉलर प्रति औंस के नीचे पहुंच गई। नवंबर 2025 के बाद यह पहला मौका है, जब हाजिर बाजार में चांदी की कीमत इस स्तर से नीचे गई है। वहीं, सोने की कीमतों में भी करीब 2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

शुक्रवार को हाजिर बाजार में चांदी की कीमत 4.25 फीसदी गिरकर 50.15 डॉलर प्रति औंस रह गई। कारोबार के दौरान यह 49.97 डॉलर प्रति औंस तक फिसल गई। चांदी के लिए 50 डॉलर का स्तर काफी अहम माना जाता है। ऐसे में इस स्तर से नीचे गिरने से बाजार में हलचल बढ़ गई है।

चांदी इस महीने 39,485 रुपए और सोना 8,084 रुपए सस्ता हुआ है। इससे पहले 1 अक्टूबर 2026 को एक किलो चांदी के दाम 2.20 लाख रुपए और 10 ग्राम सोना 1.48 लाख रुपए पर थे। चांदी की कीमतों में इस साल अब तक 16 फीसदी और पिछले एक महीने में 13.3 फीसदी की गिरावट आई है।

इस साल सोने-चांदी की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। चांदी की कीमत 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपए थी, जो 29 जनवरी को 3.86 लाख रुपए के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई थी। तब से अब तक चांदी 1.96 लाख रुपए सस्ती हो गई है।

वहीं, 31 दिसंबर 2025 को सोने के दाम 1.33 लाख रुपए थे, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के सबसे ऊपरी स्तर पर पहुंच गए थे। तब से अब तक सोना 35 हजार रुपए सस्ता हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *