बाइनेंस एक्सचेंज हैक, इसके 60,000 करोड़ रुपये के क्रिप्टो की हो गई चोरी
मुंबई- दुनिया का सबसे बड़ा क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज बाइनेंस हैक हो गया है। इसे इतिहास की सबसे बड़ी क्रिप्टो हैकिंग माना जा रहा है। सुरक्षा जांच पूरी होने तक बाइनेंस अकाउंट में न तो नया पैसा जमा किया जा सकता है और न ही अंदर मौजूद पैसा या क्रिप्टो बाहर निकाला जा सकता है।
इस हैकिंग में 6.3 बिलियन डॉलर यानी करीब 60 हजार करोड़ रुपए की क्रिप्टो करेंसी चोरी हुई है। घटना के बाद बिटकॉइन समेत कुछ अन्य क्रिप्टो में 5% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है। ब्लॉकचेनरिसर्च फर्म TRM लैब्स के मुताबिक इस हैकिंग के पीछे नॉर्थ कोरिया का हाथ है।
बाइनेंस के डिजिटल लॉकर में सेंध लग गई है। किसी हैकर ने बाइनेंस के सुरक्षा तंत्र को तोड़कर उसके सिस्टम में घुसपैठ की और हजारों करोड़ रुपए के क्रिप्टो कॉइन्स चुरा लिए। बाइनेंस ने अपने ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि उनका पैसा सुरक्षित है। अगर जांच में ग्राहकों का कोई नुकसान साबित होता है, तो कंपनी उसकी भरपाई करेगी।
यह इतिहास की सबसे बड़ी क्रिप्टो हैकिंग है। इससे पहले 2025 में दुबई स्थित क्रिप्टो एक्सचेंज बायबिट से उत्तर कोरियाई हैकर्स द्वारा की गई चोरी अब तक की सबसे बड़ी घटना थी। तब 1.5 बिलियन डॉलर की हैकिंग हुई थी। यानी, बाइनेंस में हुई यह चोरी बायबिट घटना से लगभग चार गुना बड़ी है।

