म्यूचुअल फंड एसआईपी निवेश रिकॉर्ड 32,490 करोड़, इंडस्ट्री एयूएम 5 पर्सेंट घटा
मुंबई- सितंबर में सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेन्ट प्लान यानी SIP के जरिए मासिक निवेश ₹32,490 करोड़ के रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया है। अगस्त में यह आंकड़ा ₹32,297 करोड़ रहा था। यह लगातार दूसरा महीना है जब SIP कंट्रीब्यूशन ₹32,000 करोड़ के पार रहा है। हालांकि, इस दौरान म्यूचुअली फंड इंडस्ट्री के कुल एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) में 5.1% की गिरावट दर्ज की गई है। बाजार लगातार गिर रहा, AUM घट गया, फिर भी आम निवेशक मार्केट के उतार-चढ़ाव से डरने के बजाय SIP में ज्यादा पैसा लगा रहे हैं।
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में करीब 63 लाख नए SIP अकाउंट रजिस्टर्ड हुए हैं। इसके साथ ही सितंबर के आखिरी तक SIP का एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (SIP AUM) ₹17.86 लाख करोड़ के स्तर पर पहुंच गया है।
SIP में रिकॉर्ड निवेश के बावजूद, म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का कुल नेट एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) सितंबर में घटा है। 30 सितंबर तक इंडस्ट्री का कुल AUM ₹82.64 लाख करोड़ रहा, जो अगस्त के आखिरी में ₹87.08 लाख करोड़ था। इसमें लगभग 5.1% की गिरावट आई है। AUM में गिरावट का मुख्य कारण डेट म्यूचुअल फंड्स से हुई भारी बिकवाली है। सितंबर में डेट फंड्स से ₹1.83 लाख करोड़ की नेट निकासी दर्ज की गई।
AMFI के आंकड़े दिखाते हैं कि रेडेम्प्शन यानी निवेश वापस करने या मैच्योरिटी पर मिलने वाली रकम और मार्केट वैल्यू में बदलाव के कारण कुल AUM घट सकता है, लेकिन SIP के जरिए आने वाला रेगुलर इनफ्लो बढ़ता रह सकता है।
डेट फंड्स में बिकवाली के उलट, इक्विटी-ओरिएंटेड म्यूचुअल फंड्स में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है। सितंबर में इक्विटी स्कीम्स में ₹38,306.55 करोड़ का निवेश हुआ है, जो अगस्त के ₹29,328.62 करोड़ के मुकाबले लगभग 31% ज्यादा है।
स्मॉल-कैप फंड्स में सबसे ज्यादा ₹9,038.57 करोड़ का निवेश मिला। मिड-कैप फंड्स: इसमें ₹7,834.84 करोड़ का निवेश हुआ। फ्लेक्सी-कैप फंड्स: इस कैटेगरी में निवेशकों ने ₹6,701.80 करोड़ इन्वेस्ट किए।

