एनएसई का शेयर जमकर गिरा, अब आईपीओ भाव से नीचे पहुंच गया स्टॉक
मुंबई- 24 सितंबर को 1% से कम प्रीमियम पर लिस्टिंग के बाद एनएसई शेयरों ने अच्छी तेजी दिखाई थी लेकिन अब इसका भाव आईपीओ प्राइस के भी नीचे आ गया। निचले स्तर पर खरीदारी के बावजूद यह संभल नहीं पाया। सोमवार को इंट्रा-डे में यह 1.77% टूटकर ₹1,761.00 तक आ गया था।
एनएसई के शेयर आईपीओ निवेशकों को ₹1785 के भाव पर जारी हुए थे। मार्केट में माहौल की बात करें तो आज बिकवाली का काफी दबाव दिखा। घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) 1-1% से अधिक टूट गए।
ब्रोकरेज फर्म प्रभुदास लीलाधर ने एनएसई की कवरेज शुरू की और इसे अकम्युलेट रेटिंग दी है। ब्रोकरेज फर्म ने इसका टारगेट प्राइस प्रति शेयर ₹1,950 फिक्स किया है। वहीं एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज ने भी खरीदारी की रेटिंग के साथ इसकी कवरेज शुरू की है और इसके शेयरों के लिए एक साल का टारगेट प्राइस ₹2050 फिक्स किया है।
एनएसई देश का सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज है और दुनिया के सबसे बड़े मल्टी-एसेट एक्सचेंज प्लेटफॉर्म्स में शुमार है। एनएसई का ₹22,562 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 17-21 सितंबर तक खुला था। ऑफर फॉर सेल का यह इश्यू 5 गुना से अधिक भरा था। इसके बाद 24 सितंबल को इसके शेयर ₹1800.00 के भाव यानी कि महज 0.84% प्रीमियम पर लिस्ट हुए। और ₹4.49 लाख करोड़ के वैल्यूएशन के साथ यह दुनिया के सात सबसे बड़े एक्सचेंजों में शामिल हुआ।

