एसआईपी का रिकॉर्ड, 32,000 करोड़ से ज्यादा की रकम, 87 लाख करोड़ एयूएम

मुंबई- एसोसिएशन ऑफ म्युचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) ने म्यूचुअल फंड का अगस्त का डाटा जारी किया है। इस दौरान सभी म्युचुअल फंड स्कीम ने कुल 14.09 लाख करोड़ रुपये जुटाए। इस दौरान निवेशकों ने 13.68 लाख करोड़ रुपये निकाले। यानी अगस्त में नेट इनफ्लो 41,353.60 करोड़ रुपये रहा।

स्मॉलकैप फंड्स का नेट इनफ्लो सबसे ज्यादा 7,973.33 करोड़ रुपये रहा। जबकि मिडकैप फंड्स में 6,989.40 करोड़ रुपये, फ्लेक्सी कैप में 5,059.42 करोड़ रुपये, लार्ज एंड मिडकैप में 3,872.79 करोड़ रुपये और मल्टीकैप फंड्स में 3,732.77 करोड़ रुपये आए।

दूसरी तरफ लार्जकैप फंड्स से 1,147.36 करोड़ रुपये और ELSS स्कीम्स से 1,078.32 करोड़ रुपये का नेट आउटफ्लो देखने को मिला। वहीं, डिविडेंड यील्ड फंड्स से 133.57 करोड़ रुपये और सेक्टोरल फंड्स से 53.19 करोड़ रुपये की निकासी हुई।

स्मॉलकैप फंड्स में अकेले 7,973 करोड़ रुपये आए, जो इक्विटी फंड्स के कुल निवेश का 27 फीसदी से ज्यादा है। यानी निवेशक ज्यादा तेजी की उम्मीद में ज्यादा रिस्क वाले कैटेगरीज को प्राथमिकता दे रहे हैं।

MF इंडस्ट्री का असेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) अगस्त 2026 में 87.08 लाख करोड़ रुपये रहा। इंडस्ट्री में कुल फोलियो की संख्या 28.35 करोड़ रही। इस दौरान SIP के जरिए आने वाली रकम भी रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गई।

SIP के जरिये रिकॉर्ड 32,297 करोड़ रुपये का निवेश हुआ, जो जुलाई में 31,961 करोड़ रुपये था। जबकि अगस्त 2025 के 28,265 करोड़ रुपये के मुकाबले करीब 14 फीसदी ज्यादा है। बता दें कि चालू वित्त वर्ष के पहले 5 महीनों में SIP के जरिये कुल निवेश 1.58 लाख करोड़ रुपये से आगे निकल गया है।

अगस्त के आखिर में देश में कुल 1,935 ओपन एंडेड स्कीम थीं, जिनका टोटल AUM 86.92 लाख करोड़ रुपये और फोलियो की संख्या करीब 28.31 करोड़ रही। ओपन एंडेड स्कीम्स में 42,466.09 करोड़ रुपये का नेट इनवेस्टमेंट आया। इसके मुकाबले क्लोज एंडेड स्कीम्स से 1,112.38 करोड़ रुपये और इंटरवल स्कीम्स से 11 लाख रुपये की नेट आउटफ्लो देखने को मिला।

ओपन एंडेड इक्विटी स्कीम्स में अगस्त के दौरान कुल 73,614.07 करोड़ रुपये लगाए गए, जबकि 44,285.45 करोड़ रुपये निकाले गए। इस तरह इक्विटी फंड्स को 29,328.62 करोड़ रुपये का नेट इनवेस्टमेंट मिला। अगस्त के आखिर में इक्विटी म्युचुअल फंडों की टोटल असेट 39.21 लाख करोड़ रुपये रही। इस कैटेगरी में 579 स्कीम्स और करीब 18.92 करोड़ फोलियो थे।

अगस्त में ओपन एंडेड डेट स्कीम्स से कुल 8,127.32 करोड़ रुपये की नेट आउटफ्लो देखने को मिला। इन स्कीम्स का टोटल असेट 19.33 लाख करोड़ रुपये रहा। बता दें कि डेट कैटेगरी में 338 स्कीम्स और करीब 95.83 लाख फोलियो थे।

डेट फंड्स की कुल निकासी में सबसे बड़ी हिस्सेदारी ओवरनाइट फंडों की रही, जिसमें से 30,654.25 करोड़ रुपये की निकासी हुई। इसके अलावा शॉर्ट टर्म फंड्स से 4,258.56 करोड़ रुपये और कॉरपोरेट बॉन्ड फंड्स से 3,190.17 करोड़ रुपये की निकासी हुई।

हालांकि, सभी डेट कैटेगरी से पैसा नहीं निकला। लिक्विड फंड्स में 19,934.29 करोड़ रुपये, मनी मार्केट फंड्स में 11,734.71 करोड़ रुपये और अल्ट्रा शॉर्ट टर्म फंड्स में 4,256.55 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो देखने को मिला।

हाइब्रिड म्युचुअल फंड्स को अगस्त में 10,045.34 करोड़ रुपये का नेट इनवेस्टमेंट मिला। इसके चलते कुल असेट 11.86 लाख करोड़ रुपये रही। अगस्त में ऑर्बिट्राज फंड्स में 3,789.02 करोड़ रुपये और मल्टी एसेट एलोकेशन फंड्स में 3,670.97 करोड़ रुपये आए। साथ ही बैलेंस्ड हाइब्रिड फंड्स में 835.50 करोड़ रुपये और एग्रेसिव हाइब्रिड फंड्स में 1,322.79 करोड़ रुपये का इनफ्लो दिखा।

अगस्त में कुल 26 नई म्युचुअल फंड स्कीम्स ने 7,110 करोड़ रुपये जुटाए, जिनमें छह नई इक्विटी स्कीम्स ने 3,051 करोड़ रुपये और दो हाइब्रिड स्कीम्स ने 848 करोड़ रुपये जुटाए। तीन नई डेट स्कीम्स में 1,647 करोड़ रुपये आए। चार इंडेक्स फंड्स ने 355 करोड़ रुपये और 11 नए ETF ने 209 करोड़ रुपये जुटाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *