सोने की कीमतें एक हफ्ते में पांच प्रतिशत बढ़ीं, आगे और महंगा होने की उम्मीद

मुंबई- सोने की कीमतों में इस समय अच्छी खासी तेजी देखी जा रही है। विश्लेषकों का मानना है कि आगे भी कीमतों में तेजी जारी रह सकती है। कॉमेक्स पर सोने का भाव 4,620.10 डॉलर प्रति औंस पहुंच गया है। यह 14 मई, 2026 के बाद का इसका सबसे ऊंचा स्तर है।

इंटरनेशनल बाजारों की तरह ही घरेलू बाजार में भी MCX पर अक्टूबर कॉन्ट्रैक्ट का गोल्ड वायदा 0.85 फीसदी बढ़कर 1,60,784 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। ऑगमॉन्ट बुलियन (Augmont Bullion) की रिपोर्ट में बताया गया है कि इस हफ्ते प्रेशियस मेटल्स की कीमतों में 5 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। US ट्रेज़री डिपार्टमेंट ने उधार लेने की लागत को कम करने के लिए अपने लॉन्ग-टर्म डेट बायबैक को कम से कम दोगुना करने की योजना का ऐलान किया है, जिससे ट्रेज़री यील्ड और डॉलर में तेज गिरावट आई है। इससे सोने की चमक बढ़ गई है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि सोने ने अपनी 4,340–4,440 डॉलर (₹1,53,000-₹1,56,000) की रेंज को तोड़कर 4,500 डॉलर (₹1,58,500) का टारगेट हासिल कर लिया है और अब इसका अगला टारगेट 4,600 डॉलर (₹1,62,000) है।

सोने की कीमतें 2.5 महीने से ज्यादा समय के हाई के आस-पास ट्रेड कर रही है। निवेशकों ने कम बॉन्ड यील्ड से मिलने वाले सपोर्ट और महंगाई और बढ़ते फिस्कल रिस्क को लेकर फिर से पैदा हुई चिंताओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है, जिसका असर सोने पर देखने को मिल रहा है।

अमेरिका में कुल फ़ेडरल कर्ज के 40 लाख करोड़ डॉलर से ज्यादा हो जाने के बाद,अमेरिकी सरकार की आर्थिक स्थिति के टिकाऊपन को लेकर चिंताएं फिर से बढ़ गईं,जिससे 30-साल के ट्रेज़री यील्ड में फिर से उछाल आया। लगातार होते राजकोषीय घाटे और बढ़ती ब्याज लागतों ने करेंसी की वैल्यू घटने और सॉवरेन डेट रिस्क (सरकारी कर्ज़ से जुड़े जोखिम) से बचाव के तौर पर सोने की अहमियत को और बढ़ा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *