एचडीएफसी बैंक के सीईओ को सेवा विस्तार नहीं, अक्तूबर से पहले नया सीईओ
मुंबई- एचडीएफसी बैंक के बोर्ड ने नियमित अंशकालिक अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद अब प्रबंध निदेशक व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एमडी और सीईओ) की नियुक्ति के मामले को अपने हाथ में ले लिया है। दरअसल, वर्तमान सीईओ का कार्यकाल अक्टूबर में समाप्त हो रहा है। बैंक के प्रबंधन ने कहा कि बोर्ड की गवर्नेंस, नॉमिनेशन ऐंड रेमुनरेशन कमेटी (जीएनआरसी) जल्द ही इस प्रक्रिया को अंतिम रूप देगी।
एचडीएफसी बैंक के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर कैजाद भरूचा ने सप्ताहांत में बैंक की पहली तिमाही के परिणामों की घोषणा के कार्यक्रम में कहा, ‘अभी नए अध्यक्ष ने पदभार संभाला है। जीएनआरसी और बोर्ड इस मामले पर विचार कर रहे हैं और यह प्रगतिशील कार्य है। जैसे ही वे इसे पूरा कर लेंगे, हम आगे आएंगे और सभी (हितधारकों) को सूचित करेंगे।’
शशिधर जगदीशन को 2020 में तीन साल के कार्यकाल के लिए एमडी व सीईओ नियुक्त किया गया था और 2023 में उन्हें तीन साल का विस्तार मिला, जो इस साल अक्टूबर में समाप्त हो रहा है। हालांकि उनका वर्तमान कार्यकाल अक्टूबर में समाप्त हो रहा है, लेकिन इस पूरी प्रक्रिया के दौरान भारतीय रिजर्व बैंक को सूचित किया गया है।
इसके परिणामस्वरूप पुनर्नियुक्ति प्रक्रिया को पूरा करने के लिए अपेक्षाकृत कम समय होने के बावजूद उन्हें किसी भी नियामक बाधा की उम्मीद नहीं है। बैंक की तीन सदस्यीय जीएनआरसी की अध्यक्षता हर्ष कुमार भानुअली, राष्ट्रीय कृषि व ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के पूर्व अध्यक्ष कर रहे हैं। अन्य सदस्यों में संदीप पारेख और एम. डी. रंगनाथ शामिल हैं।

