अगले हफ्ते आ सकता है 11,400 करोड़ रुपये का SBI Mutual Fund का IPO

मुंबई- देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी SBI Funds Management का आईपीओ अगले हफ्ते आ सकता है। कंपनी 13 जुलाई से शुरू होने वाले सप्ताह में अपना IPO ला सकती है। इसके जरिए करीब 11,416 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है।

ड्राफ्ट प्रॉस्पेक्टस के मुताबिक, कंपनी ने IPO के लिए 9 निवेश बैंकों को नियुक्त किया है। इनमें Kotak Mahindra Capital, Axis Capital, SBI Capital Markets, JM Financial और HSBC शामिल हैं।

यह IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा। यानी कंपनी कोई नया शेयर जारी नहीं करेगी और IPO से मिलने वाला पैसा कंपनी के पास नहीं जाएगा। IPO के तहत स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) अपनी करीब 6.3% हिस्सेदारी यानी 12.83 करोड़ शेयर बेचेगा। वहीं फ्रांस की एसेट मैनेजमेंट कंपनी Amundi SA अपनी 3.7% हिस्सेदारी यानी 7.54 करोड़ शेयर बेचने की योजना बना रही है। SBI Funds Management, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और Amundi SA का संयुक्त उपक्रम (Joint Venture) है।

SBI Funds IPO में कंपनी की वैल्यूएशन 1.15 लाख करोड़ रुपये से 1.20 लाख करोड़ रुपये के आसपास होगा। यह पहले तय किए गए 1.33 लाख करोड़ से 1.43 लाख करोड़ रुपये के अनुमान से कम है। साल 2026 की पहली छमाही में IPO बाजार की रफ्तार धीमी रही, लेकिन अब आने वाले महीनों में कई बड़े IPO आने की उम्मीद है। इनमें जियो प्लेटफॉर्म्स, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज जैसी बड़ी कंपनियां भी शामिल हैं।

शेयर बाजार में पहले से लिस्टेड एसेट मैनेजमेंट कंपनियों में ICICI Prudential Asset की वैल्यूएशन करीब 17.7 अरब डॉलर और HDFC Asset Management की करीब 12.4 अरब डॉलर है। ऐसे में SBI Funds की वैल्यूएशन इन दोनों कंपनियों के बीच रह सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *