इस हफ्ते दाखिल हो सकता है एनएसई का मसौदा, आईपीओ जल्दी आने की उम्मीद

मुंबई- नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का बहुप्रतीक्षित IPO जल्द आ सकता है। NSE इस हफ्ते अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर सकता है। इसका शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई में लिस्ट होगा। NSE अपने IPO में ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए 4% से 5% हिस्सेदारी बेचने पर विचार कर रहा है। इश्यू का आकार 20,000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह देश के सबसे बड़े पब्लिक इश्यू में शामिल हो जाएगा।

DRHP को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इसके बाद एक्सचेंज का बोर्ड बैठक करेगा और DRHP फाइल करने की मंजूरी देगा। DRHP किसी भी IPO की प्रक्रिया का अहम हिस्सा होता है। NSE के IPO की वैल्यूएशन 5 लाख करोड़ रुपये से 5.25 लाख करोड़ रुपये के बीच रह सकती है। बाजार की नजर लंबे समय से NSE की लिस्टिंग पर बनी हुई है।

NSE इस साल नवंबर तक शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी कर रहा है। योजना यह है कि नवरात्रि और दिवाली के बीच लिस्टिंग कराई जाए। इससे पहले कंपनी निवेशकों के लिए रोडशो भी आयोजित करेगी, ताकि इश्यू को लेकर दिलचस्पी बढ़ाई जा सके।

NSE ने IPO के लिए 20 मर्चेंट बैंकर नियुक्त किए हैं। किसी भारतीय IPO के लिए यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या मानी जा रही है। इसके अलावा रेगुलेटरी मंजूरियों, दस्तावेजी प्रक्रिया और कम्प्लायंस से जुड़े काम के लिए 8 लॉ फर्म्स को भी नियुक्त किया गया है। NSE ने कहा कि सेबी से NOC मिलने के बाद 6 फरवरी 2026 को कंपनी के बोर्ड ने ऑफर फॉर सेल के जरिए IPO लाने को मंजूरी दे दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *