कोफोर्ज के शेयरों में मिल सकता है 27 प्रतिशत का फायदा, यह है इसका भाव

मुंबई- IT कंपनी कोफोर्ज लिमिटेड में हाल ही में ओम प्रकाश भट्ट (ओपी भट्ट) ने नॉन-एग्जीक्यूटिव इंडिपेंडेंट डायरेक्टर और चेयरमैन के पद से तुरंत प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। ऑडिट में मूल्यांकन प्रक्रिया और कुछ जरूरी जानकारियों के खुलासे में कमियां पाई गई थीं, जिनमें चेयरमैन के कामकाज से जुड़े पहलू भी शामिल थे। हालांकि, इसके बावजूद इसके शेयरों में तेजी का अनुमान है।

इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स और ब्रोकरेजेस का कहना है कि ओपी भट्ट के इस्तीफे का कोफोर्ज के फाइनेंशियल्स पर कोई असर नहीं पड़ेगा। नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज और मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज का कहना है कि कंपनी के बोर्ड के कामकाज को लेकर जताई जा रही चिंताएं बढ़ा-चढ़ाकर बताई जा रही हैं।

नुवामा ने Coforge के स्टॉक को खरीदने की सलाह दी है और उसका अनुमान है कि यह शेयर 2,350 रुपये के भाव तक जा सकता है। यानी मौजूदा भाव 1847 रुपये की तुलना में इसमें 27 प्रतिशत का रिटर्न मिल सकता है। मोतीलाल ओसवाल ने इसका लक्ष्य 2200 रुपये प्रति शेयर रखा है, जो कि वर्तमान कीमत से 19 प्रतिशत ज्यादा है।

कोफोर्ज का शेयर 3 महीनों में 32 प्रतिशत और 6 महीनों में 66 प्रतिशत मजबूत हुआ है।

नुवामा के मुताबिक, इस घटनाक्रम को लेकर चिंता की कोई वजह नहीं दिखती।  नुवामा का यह भी कहना है कि बोर्ड के कामकाज को लेकर भी कोई चिंता नहीं दिख रही है, क्योंकि यह मामला जानकारी देने (डिस्क्लोजर) और प्रोसेस से जुड़ा है, न कि बोर्ड की तरफ से हुई किसी गड़बड़ी से।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज का भी यही कहना है कि भट्ट का कार्यकाल वैसे भी खत्म हो रहा था, और ऐसा लगता है कि उनका इस्तीफा उनकी अपनी मर्जी से और कार्यकाल खत्म होने के करीब होने की वजह से है। कोफोर्ज, मोतीलाल ओसवाल के लिए अभी भी टॉप पिक बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *