वेदांता के चार कंपनियों के नए शेयर बाजार में लिस्ट, लोअर सर्किट के साथ बंद

मुंबई- देश की दिग्गज माइनिंग और मेटल कंपनी वेदांता ग्रुप (Vedanta Group) के डीमर्जर की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है। सोमवार, 15 जून को ग्रुप की चार नई कंपनियां शेयर बाजार में लिस्ट हो गईं। हालांकि, लिस्टिंग के तुरंत बाद मुनाफावसूली के चलते इन सभी शेयरों में गिरावट देखी गई। इनमें 5% के लोअर सर्किट पर आ गए।

वेदांता के इस डिमर्जर को पिछले साल दिसंबर में नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) से मंजूरी मिली थी। इस पूरी स्कीम को 1:1 के रेश्यो में लागू किया गया है। यानी, जिस निवेशक के पास पहले से वेदांता लिमिटेड का एक शेयर था, उसे बिना किसी अतिरिक्त भुगतान के इन चारों नई कंपनियों का एक-एक शेयर फ्री मिला है। इस फैसले से शेयरधारकों को अलग-अलग सेक्टर की कंपनियों में सीधे हिस्सेदारी मिल गई है।

दूसरी तरफ, डीमर्जर के बाद वेदांता लिमिटेड के शेयरों में थोड़ी गिरावट देखी गई। यह BSE पर 304.70 रुपये के निचले स्तर तक आ गया। हालांकि, 291 रुपये के डीमर्जर प्राइस से ऊपर ट्रेड कर रहा था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर वेदांता एल्युमिनियम का शेयर 522 रुपये और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर 527 रुपये पर लिस्ट हुआ। इसी तरह वेदांता पावर ने NSE पर 41.80 रुपये और BSE पर 41.30 रुपये की शुरुआत की। वेदांता ऑयल एंड गैस के शेयर 38 रुपये और 39 रुपये पर खुले, जबकि वेदांता आयरन एंड स्टील के शेयर क्रमशः 20 रुपये और 21 रुपये पर लिस्ट हुए। लिस्टिंग के तुरंत बाद निवेशकों ने भारी मुनाफावसूली की, जिसकी वजह से ये सभी शेयर अपने 5% के लोअर सर्किट बैंड पर आ गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *