आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल का एनएफओ खुला, स्मॉलकैप कंपनियों में निवेश का मौका

मुंबई- आईसीआईसीआई म्युचुअल फंड ने निफ्टी स्मॉलकैप 250 ईटीएफ (ICICI Prudential Nifty Smallcap 250 ETF) लॉन्च किया है। यह एक ओपन-एंडेड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड है और इसका मकसद अपने बेंचमार्क इंडेक्स (Nifty Smallcap 250 Index) के प्रदर्शन को दोहराना है।

निफ्टी स्मॉलकैप 250 इंडेक्स में निफ्टी 500 यूनिवर्स की उन कंपनियों को शामिल किया जाता है, जिनकी मार्केट कैपिटलाइजेशन के आधार पर रैंकिंग 251 से 500 के बीच होती है। सामूहिक रूप से ये कंपनियां निवेशकों को भारत के उभरते कॉरपोरेट इकोसिस्टम के एक बड़े और डायवर्स हिस्से में निवेश का अवसर प्रदान करती हैं। इस स्कीम का न्यू फंड ऑफर (NFO) सब्सक्रिप्शन के लिए 9 जून से खुल गया है और यह 16 जून को बंद होगा।

इस एनएफओ में कम से कम 1,000 रुपये से निवेश कर सकते हैं। इसमें एग्जिट लोड कुछ भी नहीं है। इसका बेंचमार्क निफ्टी स्मॉलकैप 250 टीआरआई है। इसमें रिस्क लेवल काफी ज्यादा है।  स्कीम इनफार्मेशन डॉक्यूमेंट (SID) के अनुसार, निवेश का मकसद हासिल करने के लिए यह स्कीम पैसिव इन्वेस्टमेंट या इंडेक्सिंग स्ट्रैटेजी पर चलेगी। योजना की अधिकांश राशि उन शेयरों में निवेश की जाएगी जो संबंधित इंडेक्स का हिस्सा हैं, और उनका अनुपात भी इंडेक्स में उनकी हिस्सेदारी के अनुरूप रखा जाएगा। फंड का प्रयास रहेगा कि उसका प्रदर्शन (रिटर्न) बेंचमार्क इंडेक्स के प्रदर्शन को यथासंभव करीब से ट्रैक करे।

योजना की कुल एसेट्स का एक बहुत छोटा हिस्सा, आमतौर पर 0 से 5 फीसदी तक, नकदी या अत्यधिक तरल निवेशों में रखा जा सकता है, ताकि निवेशकों की निकासी (लिक्विडिटी) और फंड के संचालन संबंधी खर्चों की जरूरतों को पूरा किया जा सके।

आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल निफ्टी स्मॉलकैप 250 ईटीएफ उन निवेशकों के लिए एक बेहतर विकल्प हो सकता है जो निफ्टी स्मॉलकैप 250 इंडेक्स में शामिल कंपनियों में निवेश कर लॉन्ग टर्म में कैपिटल ग्रोख हासिल करना चाहते है। रिस्कोमीटर पर इस स्कीम को बहुत ज्यादा जोखिम की कैटेगरी में रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *