इस एग्रोकेमिकल कंपनी के शेयरधारकों को मिलेगा 27 प्रतिशत का मुनाफा, यह है कारण
मुंबई- एग्रोकेमिकल कंपनी धानुका एग्रीटेक लिमिटेड 4 जून से 70 करोड़ रुपये का शेयर बायबैक शुरू करने जा रही है। कंपनी निवेशकों से 1,400 रुपये प्रति शेयर के भाव पर शेयर वापस खरीदेगी। यह कीमत शेयर के मौजूदा बाजार भाव से करीब 27 प्रतिशत ज्यादा है। बायबैक के लिए निवेशक 10 जून तक अपने शेयर दे सकेंगे।
मंगलवार को एनएसई पर धानुका एग्रीटेक का शेयर प्राइस 1.3% की बढ़त के साथ 1,099 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का बायबैक भाव 1,400 रुपये प्रति शेयर है। यानी यह ऑफर शेयर के बंद भाव के मुकाबले करीब 27% का प्रीमियम दे रहा है।
धानुका एग्रीटेक टेंडर ऑफर के जरिए 5 लाख पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयर वापस खरीदेगी। यह कंपनी की कुल चुकता इक्विटी शेयर पूंजी का करीब 1.11% हिस्सा है।कुल 70 करोड़ रुपये का यह बायबैक 31 मार्च 2026 तक कंपनी की चुकता शेयर पूंजी और फ्री रिजर्व का लगभग 4.2% है।
बायबैक के लिए पात्र शेयरधारकों की पहचान करने के लिए 29 मई को रिकॉर्ड डेट तय की गई थी। स्मॉल शेयरहोल्डर कैटेगरी के निवेशक रिकॉर्ड डेट पर मौजूद प्रत्येक 15 शेयरों पर 1 शेयर टेंडर करने के पात्र होंगे। वहीं सामान्य श्रेणी के शेयरहोल्डर प्रत्येक 518 शेयरों पर 5 शेयर टेंडर कर सकेंगे।
धानुका एग्रीटेक ने मई में मार्च तिमाही के नतीजों के साथ बायबैक प्रस्ताव की घोषणा की थी। मार्च 2026 तिमाही में धानुका एग्रीटेक का शुद्ध लाभ 30% बढ़कर 98 करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 76 करोड़ रुपये था। कंपनी की आय भी सालाना आधार पर 9% बढ़कर 483 करोड़ रुपये रही।

