हर एक शेयर पर मिलेगा एक नया शेयर, 3 साल में 730 प्रतिशत का रिटर्न
मुंबई-वेल्थ मैनेजमेंट कंपनी आनंद राठी वेल्थ के शेयरहोल्डर्स को 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर मिलने वाले हैं। इसका मतलब है कि उन्हें उनके पास मौजूदा हर 1 शेयर पर 1 नया शेयर बोनस के तौर पर मिलेगा। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 3 जून है।
बोनस शेयरों के अलॉटमेंट की तारीख 4 जून है। इन शेयरों में ट्रेडिंग 5 जून से शुरू हो जाएगी। कंपनी ने पिछले साल भी बोनस शेयर दिए थे। शेयरहोल्डर्स को उनके पास मौजूद हर 1 शेयर पर 1 नया शेयर बोनस के तौर पर मिला था।
आनंद राठी वेल्थ का शेयर बुधवार, 27 मई को BSE पर 3565.20 रुपये पर बंद हुआ।
कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 43.11 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर एक साल में 84 प्रतिशत चढ़ा है। 3 साल में यह 730 प्रतिशत से ज्यादा तेजी देख चुका है। इसका आईपीओ दिसंबर 2021 में आया था।
जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के दौरान कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 29.6 प्रतिशत बढ़कर 287.82 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले रेवेन्यू 221.95 करोड़ रुपये था। शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 40.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 103.08 करोड़ रुपये हो गया, जो मार्च 2025 तिमाही में 73.36 करोड़ रुपये था।
आनंद राठी वेल्थ ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 7 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड की घोषणा की थी। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 15 मई थी। इससे पहले कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 6 रुपये का अंतरिम डिविडेंड दिया था।

