नरेंद्र मोदी के नाम से होगा जेवर एयरपोर्ट, उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने दी मंजूरी

मुंबई- उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने शुक्रवार को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट बैठक के बाद बताया कि एयरपोर्ट का नाम ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नोएडा-जेवर’ रखने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार इस एयरपोर्ट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आभारी है। उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात बताया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन को सम्मान देने के लिए कैबिनेट ने उनके नाम पर एयरपोर्ट का नाम रखने का प्रस्ताव मंजूर किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनने वाला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे यह देश का सबसे बड़ा एविएशन सेंटर बन सकता है। कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश के प्रति प्रधानमंत्री के लगातार समर्पण और मार्गदर्शन की भी सराहना की।

जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट दिल्ली-NCR के पैसेंजर्स के लिए हवाई सफर का नया ऑप्शन होगा, जिसकी सालाना क्षमता करीब 1.2 करोड़ पैसेंजर्स को संभालने की है। इससे दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। 1,300 हेक्टेयर से ज्यादा जमीन पर फैला यह दिल्ली-एनसीआर का दूसरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को भारत का पहला शुद्ध शून्य उत्सर्जन वाला एयरपोर्ट बनाने का लक्ष्य है। जेवर एयरपोर्ट को प्रस्तावित दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड रेल से जोड़ने की भी योजना है। एयरपोर्ट पर ग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन सेंटर डेवलप किया गया है। जहां मेट्रो, हाई स्पीड रेल, टैक्सी और बस जैसी सर्विसेज को एक जगह जोड़ने की व्यवस्था प्रस्तावित है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *