जेपी पावर का शेयर अपर सर्किट में, 5 दिन में एक लाख को बनाया 1.25 लाख
मुंबई- जयप्रकाश पावर वेंचर्स (JP Power) का शेयर बुधवार को बीएसई पर 20% के अपर सर्किट (Upper Circuit) के साथ 22.96 रुपये तक पहुंच गया। दिन के अंत में यह 19.54% की तेजी के साथ 22.88 रुपये पर बंद हुआ। इस तेजी के साथ जेपी पावर के शेयरों ने लगातार पांचवें सत्र में अपनी बढ़त जारी रखी है और पिछले पांच दिनों में इसमें 25% से अधिक का उछाल आया है।
बुधवार के कारोबारी सत्र में ट्रेडिंग वॉल्यूम भी काफी हाई रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, करीब 1,904 करोड़ रुपये मूल्य के 87 करोड़ से अधिक शेयरों का लेनदेन हुआ। इस बंपर तेजी के पीछे अडानी ग्रुप के साथ हुई एक बड़ी महाडील है। पिछले हफ्ते अदाणी पावर ने कहा था कि उसने कर्ज में डूबी जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड (JAL) के लिए NCLT द्वारा मंजूर रेजॉलूशन प्लान के तहत जयप्रकाश पावर वेंचर्स लिमिटेड (JPVL) में 24% हिस्सेदारी खरीदने के लिए अंतिम समझौतों पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। अडानी पावर इस 24% हिस्सेदारी को खरीदने के लिए 2,993.6 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी।
हिस्सेदारी के अलावा, दोनों कंपनियों के बीच एक बिजनेस ट्रांसफर एग्रीमेंट (BTA) भी हुआ है। अडानी पावर उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में 180 मेगावाट (MW) क्षमता वाले चुर्क थर्मल पावर प्लांट और उससे जुड़ी संपत्तियों का अधिग्रहण करेगी। इसमें प्रयागराज पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड में जेपी एसोसिएट्स की 11.49% हिस्सेदारी भी शामिल है। इस पूरे थर्मल एसेट सौदे की कीमत 1,200 करोड़ रुपये तय की गई है।

