एपल के शेयरों पर भारतीय म्यूचुअल फंडों का दांव, 1,800 करोड़ के खरीदे शेयर

मुंबई- भारतीय म्यूचुअल फंडों की इंटरनेशनल स्कीमों ने एपल के शेयरों में काफी निवेश किया है। ऐसी कुल 8 स्कीमों की एपल के शेयरों में कुल निवेश की वैल्यू 31 मार्च, 2026 को 1,828 करोड़ रुपये थी। एपल के सीईओ टिम कुक ने 20 अप्रैल को इस्तीफा देने का ऐलान किया। जॉन टर्नस कंपनी के नए सीईओ होंगे।

भारतीय म्यूचुअल फंड की पैसिव स्कीमों ने एपल के शेयरों में सबसे ज्यादा निवेश किया है। मोतीलाल ओसवाल नैस्डेक-100 ईटीएफ के पास एपल के 3.51 लाख शेयर हैं, जिनकी वैल्यू 838 करोड़ रुपये है। इसके बाद Mirae Asset NYSWE FANG+ETF के पास एपल के 1.42 लाख शेयर हैं, जिनकी वैल्यू 342 करोड़ रुपये है। मोतीलाल ओसवाल एसएंडपी 500 इंडेक्स फंड के पास एपल के 1.10 लाख शेयर हैं, जिनकी वैल्यू 261 करोड़ रुपये है।

एक्टिवली मैनेज्ड टेक्नोलॉजी और ग्लोबल इक्विटी फंडों ने भी एपल के शेयरों में निवेश किया है। Edelweiss Technology Funds के एपल के 14,346 शेयर हैं, जिनकी वैल्यू 34 करोड़ रुपये है। Franklin India Technology Fund के पास 18 करोड़ रुपये के एपल के 7,579 शेयर हैं। आदित्य बिड़ला सन लाइफ इंटरनेशनल इक्विटी फंड के पास 14 करोड़ रुपये मूल्य के 5,800 शेयर हैं।

इंडेक्स लिंक्ड फंडों का रिटर्न अच्छा रहा है। Motilal Oswal NASDAQ 100 ETF ने एक महीने में 10.67 फीसदी, एक साल में 57.98 फीसदी, तीन साल में 31.91 फीसदी और पांच सालों में 18.86 का कंपाउंडिंग (CAGR) रिटर्न दिया है। 10 साल में इस फंड का सीएजीआर रिटर्न 23.17 फीसदी रहा है। इससे अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों के लगातार अच्छे प्रदर्शन का पता चलता है। ICICI Prudential NASDAQ 100 Index Fund ने एक साल में 56.77 फीसदी और तीन सालों में 31.86 फीसदी रिटर्न दिया है।

एपल के शेयरों ने निवेशकों को मालामाल किया है। यह कंपनी दिसंबर 1980 में शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी। बीते 30 सालों में इस शेयर ने 97,439 फीसदी रिटर्न दिया है। यह सालाना 25.8 फीसदी रिटर्न के बराबर है। कुक ने अगस्त 2011 में एपल की कमान संभाली थी। तब से एपल के शेयर की कीमत 20 गुनी हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *