अब LIC की यूलिप को ऑन लाइन स्विच कर सकते हैं, कॉल सेंटर कई भाषाओं में

मुंबई-देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने ग्राहकों को एक नई सुविधा दी है। अब ग्राहक ऑन लाइन इसकी यूलिप पॉलिसी को स्विच कर सकते हैं। साथ ही अपने कॉल सेंटर को LIC ने अब कई और क्षेत्रीय भाषाओं में बढ़ा दिया है। दूसरी ओर एलआईसी मित्र इसकी वेबसाइट पर पर एक ऑप्शन है जिसके जरिए सभी तरह की सूचनाएं दी जाती हैं। इसमें प्रीमियम से लेकर उसके भरने की तारीख, तमाम उत्पादों और नए लांच प्लान और ग्राहकों की क्वेरी आदि शामिल है। इस साल जनवरी से लेकर अब तक चैटबोट ने 1.20 करोड़ जवाब दिया है।  

कोरोना के इस समय में ग्राहकों के लिए यह एक बेहतर सुविधा है। LIC के पॉलिसीधारकों के लिए ग्राहक केंद्रित सुविधाओं को शुरू किया जा रहा है। इसमें ऑन लाइन फैसिलिटी में यूलिप पॉलिसी के तहत फंड्स को स्विच कर सकते हैं। इसे LIC के कस्टमर पोर्टल पर जाकर कर सकते हैं। जिन ग्राहकों ने प्रीमियर सेवाओं के लिए कस्टमर पोर्टल पर रजिस्टर्ड किया है, वे इस सुविधा का फायदा ले सकते हैं।  

7 दिसंबर से ग्राहक अपनी खुद की पॉलिसी, अपने बच्चों की पॉलिसी की सुविधा के लिए लाभ ले सकते हैं। यह सुविधा इसकी तीन पॉलिसी पर लागू होगी। इसमें न्यू एंडोमेंट प्लस (प्लान 935), निवेश प्लस (प्लान 849) और सिप (SIIP प्लान 852) शामिल हैं। इन तीनों प्लान को वर्तमान में बेचा जाता है। ऑन लाइन फंड को स्विच करने पर कोई चार्ज नहीं लिया जाएगा। यह पूरी तरह से फ्री सुविधा है।  

इसके तहत हर दिन एक बार केवल स्विच करने की सुविधा होगी। यह सुविधा वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) पर आधारित होगी जिससे अथेंटिकेशन किया जाएगा। इसी के साथ LIC ने कॉल सेंटर में क्षेत्रीय भाषाओं की संख्या भी बढ़ा दी है। ग्राहक चाहें तो अब और ज्यादा भाषा में बात कर सकते हैं। इसमें हिंदी और अंग्रेजी पहले से थी। जबकि अब मराठी, तमिल और बंगाली भाषाओं की सुविधा दी गई है। दो भाषाओं की सुविधा 2018 सितंबर में शुरू की गई थी। 

एलआईसी ने कहा कि वह इस सुविधा को और अधिक बढ़ाने की योजना बना रही है। यानी और ज्यादा भाषाओं को इससे जोड़ा जाएगा। ताकि हर भाषा के पॉलिसीधारक अपनी सुविधा के अनुसार बात कर सकें। एलआईसी के पॉलिसीधारक हर भाषा मे हर क्षेत्र में हैं। इसलिए इसका फायदा उसके पॉलिसीधारकों को मिलेगा। इसके अलावा निगम ने ऑर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की भी सुविधा दी है। यह दो भाषाओं में चैटबोट पर बात कर सकता है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *