खुदरा महंगाई एक साल के रिकॉर्ड स्तर 6 पर्सेंट के पार, खाने-पीने के सामान महंगे

मुंबई- देश में महंगाई ने एक बार फिर आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ने से अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 फीसदी पहुंच गई। करीब दो साल में पहली बार महंगाई भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की तय ऊपरी सीमा 6 फीसदी से ऊपर निकली है। सबसे ज्यादा असर सब्जियों की कीमतों में देखने को मिला। प्याज की महंगाई दर 116 फीसदी से ज्यादा रही, जबकि लहसुन, अदरक और नींबू की कीमतों में भी बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई।

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, खास बात यह है कि 2024 को आधार वर्ष मानकर शुरू की गई नई महंगाई श्रृंखला में यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। RBI ने देश में महंगाई दर की सीमा 4% से 6% तय की थी।

रिटेल महंगाई बढ़ने की वजह खाने-पीने की चीजें महंगी होना है। अक्टूबर में दूध-अंडे और प्याज-लहसुन समेत रोजाना इस्तेमाल की चीजों के दाम बढ़े हैं। इससे अक्टूबर में खाद्य महंगाई 8.94% हो गई, जो सितंबर में 7.74% थी। गांवों में खाने-पीने की चीजों की महंगाई दर 9.09 फीसदी रही, जबकि शहरों में यह 8.68 फीसदी दर्ज की गई।

प्याज की महंगाई दर सबसे ज्यादा रही। अक्टूबर में यह 116.22 फीसदी पहुंच गई, जबकि सितंबर में 108.13 फीसदी थी। लहसुन की महंगाई दर भी 54.62 फीसदी से बढ़कर 60.74 फीसदी हो गई। वहीं, अदरक की महंगाई दर 48.32 फीसदी और नींबू की 47.30 फीसदी रही।

इससे पहले अक्टूबर 2024 में खुदरा महंगाई 6% की सीमा पार कर 6.2% पर पहुंची थी। उस समय महंगाई का आंकड़ा CPI की पुरानी सीरीज के आधार पर जारी किया गया था, जिसका बेस ईयर 2012 था।

महंगाई का गणित बहुत सीधा है। अगर अक्टूबर 2025 में आपने कोई सामान 1000 में खरीदा था, तो वही सामान अक्टूबर 2026 में 1060 का हो गया है। महंगाई इसी तरह बढ़ती रही, तो आम लोगों का खर्च और बढ़ सकता है। ऐसे में RBI पर इसे काबू में लाने का दबाव बढ़ गया है। इसके लिए ब्याज दरों में बढ़ोतरी की जा सकती है।

ब्याज दरें बढ़ने से होम लोन, कार लोन और दूसरे कर्ज महंगे हो सकते हैं। इससे लोग कर्ज लेने और खर्च करने में कमी कर सकते हैं, जिससे बाजार में मांग घटेगी और महंगाई को काबू करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, ब्याज दरें बढ़ाने का फैसला RBI के लिए आसान नहीं होगा, क्योंकि इससे कर्ज लेने वालों पर भी बोझ बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *