नोएल टाटा ने 5 साल के कार्यकाल पर सवाल उठाए, मीटिंग की रिकॉर्डिंग मांगी

मुंबई- टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने टाटा संस के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को दिए गए दूसरे 5 साल के एक्सटेंशन को चुनौती दी है। उन्होंने नियमों की अनदेखी, वोटिंग नियमों के उल्लंघन और ‘कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट’ यानी हितों के टकराव के आरोप लगाए हैं।

नोएल टाटा ने टाटा संस के कंपनी सेक्रेटरी को खत लिखकर 17 सितंबर की बोर्ड मीटिंग का रिकॉर्ड मांगा है। इसमें ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग, वोटिंग रिकॉर्ड्स और रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज में दाखिल किए गए सभी दस्तावेजों की मांग की है।

नोएल टाटा ने टाटा संस के कंपनी सेक्रेटरी सुप्रकाश मुखोपाध्याय ने एक लेटर में 17 सितंबर को हुई टाटा संस की बोर्ड मीटिंग के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें एन चंद्रशेखरन को फिर से 5 साल के लिए एग्जीक्यूटिव चेयरमैन नियुक्त किया गया है। सितंबर में पास किए गए प्रस्ताव के मुताबिक, एन चंद्रशेखरन को 21 फरवरी 2027 से अगले 5 साल के लिए टाटा संस के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन पद पर री-अपॉइंट किया गया है।

नोएल टाटा के विरोध के बावजूद कंपनी ने कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय (MCA) के पास फाइलिंग जमा कर चंद्रशेखरन के री-अपॉइंटमेंट की पुष्टि कर दी। बोर्ड में एक मौजूदा डायरेक्टर के विरोध के बाद भी यह फाइलिंग किए जाने के कारण नोएल टाटा ने दोबारा विरोध जताया।

नोएल टाटा का कहना है कि 17 सितंबर की बोर्ड मीटिंग के ओरिजिनल या रिवाइज्ड एजेंडे में एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के री-अपॉइंटमेंट के प्रस्ताव का स्पष्ट उल्लेख नहीं था। ओरिजिनल एजेंडे में इसे केवल नॉमिनेशन एंड रेम्यूनरेशन कमेटी (NRC) की ब्रीफिंग बताया गया था, जबकि रिवाइज्ड एजेंडे में RBI के 11 सितंबर के पत्र पर चर्चा जोड़ी गई थी।

नोएल टाटा ने टाटा संस के डायरेक्टर और टाटा ट्रस्ट्स के वाइस चेयरमैन वेणु श्रीनिवासन पर हितों के टकराव का आरोप लगाया है। आरोप है कि श्रीनिवासन और चंद्रशेखरन के बाहर भी व्यावसायिक संबंध हैं। खत में ‘हैनो वन वेयरहाउसिंग प्रा. लिमिटेड’ नाम की कंपनी का जिक्र है, जिसे चंद्रशेखरन की पत्नी और बेटा संभालते हैं। इस कंपनी के कारोबारी रिश्ते TVS मोटर से हैं, जिसके चेयरमैन एमेरिटस वेणु श्रीनिवासन हैं। नोएल का कहना है कि श्रीनिवासन को इस संभावित टकराव के बावजूद चर्चा और वोटिंग से दूर रहना चाहिए था, लेकिन उन्होंने हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *