ओला इलेक्ट्रिक को दूसरी तिमाही में 362 करोड़ रुपये का मजबूत घाटा हुआ
मुंबई- इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने वाली Ola Electric Mobility का रेवेन्यू दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 39% गिरकर ₹421 करोड़ रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹690 करोड़ था।
सितंबर तिमाही में घाटा ₹362 करोड़ रहा, जो एक साल पहले ₹418 करोड़ था। ऑपरेटिंग लॉस बढ़कर ₹218 करोड़ हो गया। पिछले साल यह ₹203 करोड़ था। ओला इलेक्ट्रिक का ग्रॉस मार्जिन सितंबर तिमाही में 29.93% रहा। पिछले साल इसी अवधि में यह 30.9% था। रकम के हिसाब से ग्रॉस मार्जिन ₹213 करोड़ से घटकर ₹126 करोड़ रह गया।
हालांकि, कंपनी के खर्च में कमी आई है। ऑपरेटिंग खर्च घटकर ₹369 करोड़ रहा। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹472 करोड़ था। पहली तिमाही में एकमुश्त गैर-नकद रिवर्सल को हटाने के बाद यह खर्च ₹390 करोड़ था। कंपनी को उम्मीद है कि डीलर आधारित नेटवर्क पूरी तरह लागू होने के बाद खर्च और घटेगा।
Ola Electric अपने रिटेल नेटवर्क को डीलर के जरिए चलाने वाले मॉडल में बदल रही है। कंपनी के मुताबिक, 8 नवंबर तक उसके 255 डीलर पार्टनर 319 स्टोर चला रहे थे। दिसंबर 2026 तक स्टोर की संख्या करीब 450 और मार्च 2027 तक 700 करने की योजना है।
कंपनी ने बताया कि डीलरों को भेजे जाने वाले ऑर्डर और गाड़ियों की सप्लाई बढ़ी है। अब दोबारा ऑर्डर देने वाले डीलरों की संख्या भी बढ़ रही है। कंपनी का दावा है कि मांग उसकी सप्लाई से ज्यादा है। वह जितनी गाड़ियां बना रही है, उन्हें बेच सकती है। फिलहाल दिक्कत मैन्युफैक्चरिंग क्षमता की नहीं, बल्कि सप्लाई चेन को तेजी से बढ़ाने की है।
Ola Electric ने बताया कि उसने तय समय से पहले 6 GWh बैटरी सेल क्षमता के लिए कमर्शियल ऑपरेशन की तारीख हासिल कर ली है। अब कंपनी उत्पादन बढ़ाने और मैन्युफैक्चरिंग की गुणवत्ता सुधारने पर काम कर रही है। सरकार ने कंपनी की एडवांस्ड केमिस्ट्री सेल प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना को भी 2031 तक बढ़ा दिया है।

