पीसी ज्वेलर्स ने 3000 करोड़ रुपये का कर्ज समय से पहले चुकाया, यह रहा कारण

मुंबई- ज्वेलरी कंपनी पीसी ज्वेलर ने अपने सभी 14 कंसोर्टियम बैंकों का बकाया समय से पहले चुका दिया है। कंपनी पर एक समय करीब 3,000 करोड़ रुपये का कर्ज था। कर्ज मुक्त होने की खबर के बाद सोमवार को PC Jeweller के शेयरों में भी शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिली और BSE पर शेयर करीब 3.6 फीसदी चढ़कर 14.63 रुपये तक पहुंच गया था।

कंपनी ने कर्ज के बोझ से बाहर निकलने के लिए सितंबर 2024 में बैंकों के साथ वन टाइम सेटलमेंट (OTS) का रास्ता चुना था। इस समझौते के तहत कंपनी को अपना बकाया नकद और इक्विटी के जरिए चुकाना था। इसी समझौते के बाद कंपनी ने धीरे-धीरे नकद व इक्विटी के जरिए बैंकों का बकाया चुकाना शुरू किया और 25 सितंबर 2026 को कंपनी ने कर्ज से मुक्त होने का ऐलान कर दिया।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि शुक्रवार को किए गए भुगतान के साथ उसने 30 सितंबर, 2024 को हुए निपटान समझौते की शर्तों के तहत 14 बैंकों के समूह का पूरा बकाया चुका दिया है। ये भुगतान तय समयसीमा से पहले किए गए हैं।

बता दें कि साल 2022 में 14 बैंकों पर कंपनी का कुल कर्ज करीब 3,278 करोड़ रुपये था। इसके बाद हालात और मुश्किल हुए और 2023 में कंपनी ने 3,466 करोड़ रुपये के लोन डिफॉल्ट की जानकारी दी थी। बाद में बैंकों ने लोन रिकॉल कर लिए थे।

पीसी ज्वेलर का कर्जमुक्त होना आसान नहीं था। एक वक्त ऐसा आया था कि भारतीय स्टेट बैंक ने कंपनी के खिलाफ नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल यानी NCLT का दरवाजा खटखटाया था। पीसी ज्वेलर ने कहा कि ऋण-मुक्त होने से उसकी बैलेंस शीट और वित्तीय स्थिति मजबूत होगी। कंपनी का अप्रैल-जून तिमाही में शुद्ध फायदा 37 प्रतिशत बढ़कर 221.88 करोड़ रुपये हो गया जो साल भर पहले 161.93 करोड़ रुपये था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *