एक साल के निचले स्तर पर पहुंचा मारुति के शेयर का भाव, यह है कारण
मुंबई- कार कंपनी मारुति सुजुकी के शेयर का भाव एक साल के निचले स्तर पर पहुंच गया है। मारुति सुजुकी ने स्टॉक एक्सचेंजों को बताया है कि भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के साथ चल रहे एक मामले में राष्ट्रीय कंपनी कानूनी अपीलीय प्राधिकरण (NCLAT) ने सुनवाई की तारीख को आगे बढ़ा दिया गया है।
कंपनी द्वारा फाइल की गई एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, सुनवाई की तारीख 2 नवंबर तय थी जिसे टाल दिया गया है। साथ ही अगली तिथि क्या होगी इस पर कोई अभी स्पष्टता नहीं है। कंपनी का शेयर मंगलवार को 11,125 रुपये पर पहुंच गया। मारुति के शेयरों में गिरावट टाटा पैसेंजर व्हीकल में हो रही बिकवाली के साथ मिलकर ऑटो इंडेक्स को नीचे खींच रहा है।
यह मामला मारुति के डीलरों को ग्राहकों को अतिरिक्त छूट देने से रोकने से जुड़ा है। CCI ने 23 अगस्त 2021 को इस मामले में मारुति सुजुकी पर 200 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। कंपनी ने इसी फैसले को एनसीएलएटी में चुनौती दी है। CCI के मुताबिक, मारुति की नीति के तहत डीलर कंपनी की तय सीमा से ज्यादा छूट या मुफ्त सामान नहीं दे सकते थे। अतिरिक्त छूट देने के लिए पहले कंपनी की मंजूरी जरूरी थी। इससे डीलरों के बीच कीमत पर प्रतिस्पर्धा घटती थी और ग्राहकों को ज्यादा छूट मिलने की संभावना सीमित होती थी।
CCI में यह मामला 2019 में दर्ज हुआ था। अगस्त 2021 में जुर्माने का आदेश आया। मारुति की अपील पर NCLAT ने 22 नवंबर 2021 को CCI के आदेश और जुर्माने की मांग पर शर्तों के साथ रोक लगाई थी। उसके बाद से अपील पर सुनवाई चल रही है।

