देश का सबड़े बड़ा आईपीओ 21 अक्तूबर से, जियो का 37.7 हजार करोड़ का इश्यू
मुंबई- रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स 21 अक्टूबर को IPO लॉन्च कर सकती है। इसके जरिए कंपनी लगभग 37,700 करोड़ रुपए जुटाएगी। यह देश में अब तक का सबसे बड़ा IPO होगा। इससे पहले 2024 में हुंडई मोटर इंडिया का 27,858 करोड़ रुपए का IPO देश का सबसे बड़ा IPO था।
यह पिछले लगभग दो दशकों में रिलायंस ग्रुप की किसी कंपनी का पहला IPO होगा। साथ ही यह रिलायंस ग्रुप के कंज्यूमर-फेसिंग बिजनेस की पहली लिस्टिंग होगी। इससे पहले 19 जून को हुई रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं एनुअल जनरल मीटिंग में रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रोस्पेक्टस (DRHP) को मंजूरी मिलने की जानकारी दी थी।
जियो प्लेटफॉर्म्स का यह पब्लिक इश्यू पूरी तरह से ‘फ्रेश इश्यू’ होगा। इसमें कोई भी मौजूदा शेयरधारक अपना हिस्सा नहीं बेचेगा। यानी आईपीओ से जुटाई गई पूरी रकम सीधे कंपनी के पास जाएगी। कंपनी के DRHP के अनुसार जुटाई गई रकम में से करीब ₹27,500 करोड़ का इस्तेमाल रिलायंस जियो इन्फोकॉम के कर्ज को चुकाने के लिए किया जाएगा।
जियो प्लेटफॉर्म्स इस समय देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम ऑपरेटर है। वित्त वर्ष 2026 के अंत तक कंपनी का कुल सब्सक्राइबर बेस 52.44 करोड़ था। भारत में सबसे बड़ा मोबाइल नेटवर्क चलाने के साथ-साथ यह कंपनी दुनिया की दूसरी टेलीकॉम कंपनियों को भी एडवांस 5G सर्विस और तकनीक देती है। इसके पास 5G से जुड़े सभी जरूरी सॉफ्टवेयर, नेटवर्क सर्विसेज और एआई (AI) टूल्स मौजूद हैं।

