टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स में एक लाख का निवेश 5 दिन में बन गया 1.34 लाख रुपये
मुंबई- टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स के निवेशक मालामाल हो गए हैं। महज पांच दिन में एक लाख रुपये का निवेश 1.34 लाख रुपये हो गया है। कंपनी के शेयरों की 14 अगस्त को लिस्टिंग दमदार रही। शेयर ने BSE पर 34.4 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 284 रुपये पर शुरुआत की। कंपनी का 251.88 करोड़ रुपये का पब्लिक इश्यू आया था।
आईपीओ में शेयर का भाव 212 रुपये प्रति शेयर था। बाद में शेयर BSE पर लिस्टिंग प्राइस से 9.18 प्रतिशत और NSE पर 9.56 प्रतिशत बढ़त के साथ 311.15 रुपये पर सेटल हुआ। टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स लिमिटेड एक पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी है, जो टर्नकी इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) प्रोजेक्ट्स पर काम करती है। यह कंपनी इंफ्रास्ट्रक्चर के कई सेक्टर में काम करती है और मुख्य रूप से उत्तर भारत में राज्य सरकारों और सरकारी एजेंसियों के लिए प्रोजेक्ट पूरे करती है। इन इलाकों में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और दिल्ली का नेशनल कैपिटल टेरिटरी शामिल हैं।
कंपनी का IPO 38.69 गुना भरा। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 42.26 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 65.06 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 25.35 गुना सब्सक्राइब हुआ। कंपनी ने IPO खुलने से ठीक एक दिन पहले एंकर इन्वेस्टर्स से 75.55 करोड़ रुपये जुटाए थे।
Technocraft Ventures का वित्त वर्ष 2026 में रेवेन्यू 23 प्रतिशत बढ़कर 347 करोड़ रुपये हो गया। शुद्ध मुनाफा 54 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 43.32 करोड़ रुपये था। एक साल पहले रेवेन्यू 281 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 28.20 करोड़ रुपये था। कंपनी पर वित्त वर्ष 2026 में 89.76 करोड़ रुपये की उधारी थी।

