मई में एसआईएफ में निवेश 15 फीसदी बढ़ा, इन स्कीमों में भी आई भारी तेजी

मुंबई-स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड्स (SIFs) में निवेशकों की दिलचस्पी मई 2026 में भी मजबूत बनी रही, जिससे इनकी ग्रोथ तेज रफ्तार से आगे बढ़ती दिखी। इसके परिणामस्वरूप इस सेगमेंट के कुल एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) में 12 फीसदी की मासिक वृद्धि दर्ज की गई। वैल्यूमेट्रिक्स की रिपोर्ट के मुताबिक, महज आठ महीनों के भीतर SIF सेगमेंट का कुल AUM बढ़कर 13,814 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। इस वृद्धि में सबसे बड़ा योगदान हाइब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट स्ट्रैटेजी का रहा।

स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड (SIFs) में कुल 7 इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजी है जिनका ढांचा इक्विटी, डेट या हाइब्रिड है। इनमें निवेशकों की पहली पसंद हाइब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट स्ट्रैटेजी है। रिपोर्ट के मुताबिक, मई के अंत तक SIF के कुल AUM में अकेले इस स्ट्रैटजी की हिस्सेदारी 70 फीसदी है जो 9,709 करोड़ रुपये के बराबर है। वहीं, इक्विटी-ओरिएंटेड स्ट्रैटेजी ने कुल SIF AUM का 28% योगदान दिया, जो 3,843 करोड़ रुपये है।

रिपोर्ट के अनुसार, मई में SIF में कुल निवेश (इनफ्लो) मासिक आधार पर 15 फीसदी बढ़कर 1,396 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो अप्रैल में 1,219 करोड़ रुपये था। अक्टूबर 2024 से अब तक SIF में कुल क्यूम्युलेटिव इनफ्लो 13,625 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।

मई में हाइब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट फंड्स निवेश (इनफ्लो) के सबसे बड़े स्रोत बने रहे। इन फंड्स में 707 करोड़ रुपये का निवेश आया, जो अप्रैल के 651 करोड़ रुपये की तुलना में 8 फीसदी ज्यादा है। अक्टूबर 2024 से अब तक इन रणनीतियों में कुल 9,526 करोड़ रुपये का निवेश आया है, जो सभी SIF कैटेगरी में सबसे ज्यादा है।

इक्विटी-ओरिएंटेड रणनीतियों में मंथली निवेश में इजाफा और भी मजबूत रहा। मई में इन फंड्स में निवेश 36 फीसदी बढ़कर 652 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि अप्रैल में यह 478 करोड़ रुपये था। अक्टूबर 2024 से अब तक इक्विटी-ओरिएंटेड रणनीतियों में कुल 3,842 करोड़ रुपये का निवेश दर्ज किया गया है।

पहला SIF सितंबर 2025 में क्वांट म्युचुअल फंड ने शुरू किया था। तब से करीब 13 और फंड हाउस इस सेगमेंट में उतर चुके हैं। 31 मई 2026 तक, इस सेगमेंट में योजनाओं की कुल संख्या 21 थी। इस सेगमेंट में कुल 56,749 फोलियो हैं। पिछले महीने तक SIF का कुल एसेट अंडर मैनजमेंट (AUM) 13,814 करोड़ रुपये था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *