प्रशांत जैन ने बताया, कैसे 100 रुपये का निवेश बन गया 1.20 लाख रुपये से ज्यादा
मुंबई- दिग्गज फंड मैनेजर प्रशांत जैन का कहना है कि पिछले कुछ समय से बाजार के कमजोर प्रदर्शन का मतलब यह नहीं है कि इनवेस्टर्स का पैसा डूबने जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई बड़े उतार-चढ़ाव की साइकिल के बावूजद भारतीय शेयर बाजारों ने उन निवेशकों को बड़ा इनाम दिया है, जिन्होंने अपना धैर्य बनाए रखा।
एक कार्यक्रम में जैन ने कहा कि इनवेस्टर्स हमेशा जियोपॉलिटिकल टेंशन, क्रूड ऑयल में उछाल, विदेशी फंडों की खरीदारी जैसी वजहों से डर जाते हैं। मेरा मानना है कि रिटर्न कुछ समय के लिए रुक सकता है, लेकिन यह खत्म नहीं हो सकता।” भारतीय बाजरों में कई बार लंबे समय तक नहीं रिटर्न नहीं दिखा है। लेकिन, इकोनॉमिक ग्रोथ और कंपनियों की अर्निंग्स बढ़ने पर बाजार में रिकवरी आई है।
जैन ने कहा, “यह पहली बार नहीं है कि इंडियन मार्केट्स में करेक्शन है या बीते दो सालों से रिटर्न नहीं मिला है। मैंने अपना करियर तब शुरू किया था, जब सेंसेक्स का रिटर्न करीब 10 सालों तक जीरो था।” बीच-बीच में गिरावट के बावजूद लंबी अवधि में भारतीय बाजारों में बड़ा पैसा बना है।
उन्होंने कहा, “अगर आप बीते 45 सालों को देखें तो सेंसेक्स में 100 रुपये 75,000 रुपये हो गए हैं। अगर आप इसमें डिविडेंड जोड़ दें तो शायद यह 1,20,000 रुपये हो जाएगा।” सेंसेक्स के 47 सालों के इतिहास में 14 साल ऐसे हैं, जब मार्केट ने निगेटिव रिटर्न दिया। 5 साल का एक ऐसा दौर था जब मार्केट ने रिटर्न नहीं दिया। एक बार तो 10 साल तक पॉजिटिव रिटर्न नहीं मिला था।”
जैन ने कहा कि ऑयल की हाई कीमतें, वैश्विक अनिश्चितता और विदेशी फंडों की बिकवाली जैसे शॉर्ट टर्म चैलेंजेज के बावूजद इंडिया की स्ट्रक्चरल ग्रोथ स्टोरी पर असर नहीं पड़ा है। इसकी वजह यह है कि इकोनॉमी बढ़ रही है और कंपनियों के प्रॉफिट में इजाफा हो रहा है। इसका मतलब है कि आखिरकार मार्केट की दिशा बदलेगी।

