सुनील मित्तल बोले, डिविडेंड और बायबैक हम नहीं कर सकते, यह आईटी कंपनी नहीं

मुंबई- भारती एयरटेल के चेयरमैन सुनील मित्तल ने कहा है कि भारती एयरटेल आईटी इंडस्ट्री की तरह ‘डिविडेंड और बायबैक’ के रास्ते पर नहीं चलेगी। उन्होंने रणनीतिक अधिग्रहण की जगह डिविडेंड और बायबैक को प्राथमिकता देने के लिए आईटी इंडस्ट्री की आलोचना की है।

मित्तल ने कहा कि कई आईटी कंपनियों ने पिछले दशक में अपने सेक्टर में अच्छे बिजनेसेज के अधिग्रहण के मौके गंवाएं। कंपनी की मार्च तिमाही के नतीजों के बाद कहा कि भारती एयरटेल दुनियाभर में टेलीकॉम सेक्टर में अधिग्रहण के सही मौकों पर नजर बनाए रखेगी। भारती एयरटेल के चेयरमैन का यह बयान ऐसे वक्त आया है जब भारत में आईटी सेक्टर के नए प्रोडक्ट्स और एआई बिजनेसेज में निवेश करने की जगह काफी ज्यादा कैश रिटर्न करने को लेकर बहस चल रही है। देश की 16 सबसे बड़ी आईटी कंपनियों ने फाइनेंशियल ईयर 2025-26 में डिविडेंड्स और बायबैक के जरिए शेयरहोल्डर्स को रिकॉर्ड 1.3 लाख करोड़ रुपये रिटर्न किए हैं।

इन आईटी कंपनियों ने एक साल पहले डिविडेंड और बायबैक के जरिए शेयरहोल्डर्स को 95,400 करोड़ रुपये वापस किए थे। यह एक साल में 36.3 फीसदी इजाफा है। इन कंपनियों का पेआउट रेशियो 100 फीसदी से ज्यादा है। इसका मतलब है कि कंपनियों की तरफ से डिविडेंड और बायबैक पर खर्च किया गया कुल पैसा उस साल उनके नेट प्रॉफिट से ज्यादा रहा है।

मित्तल ने कहा, “हम डिविडेंड देंगे और बायबैक करेंगे। लेकिन, हम ऐसा आईटी कंपनियों की तरह नहीं करेंगे, जिन्होंने सिर्फ डिविडेंड और बायबैक के अलावा कुछ नहीं किया। इससे खुद की परछाई बन कर रह गईं।” उन्होंने कहा कि आईटी कंपनियों को पिछले 10-15 सालों में अपनी खुद की इंडस्ट्री में अच्छे बिजनेसेज खरीदने चाहिए थे। उन्होंने ऐसा किया होता तो आज स्थिति दूसरी होती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *