टाटा समूह के इन पांच शेयरों में आई 32 पर्सेंट तक की गिरावट, यह है इनका भाव
मुंबई- ट्रंप टैरिफ को लेकर चिंता और अमेरिका-इजराइल-ईरान के बीच युद्ध के कारण टाटा ग्रुप की कई बड़ी कंपनियों के शेयरों में पिछले छह महीनों के दौरान भारी गिरावट आई है। TCS, Tata Chemicals, Tata Elxsi, Tata Motors PV और Tata Technologies के शेयर 15% से लेकर 32% तक टूट चुके हैं।
इस दौरान टाटा केमिकल्स का शेयर 32.25% गिरा है। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स 29% नीचे आया है। टाटा टेक्नोलॉजीज में 23% की गिरावट आई है। टाटा एलेक्सी 19% टूटा है। वहीं, TCS करीब 15% नीचे आया है।
मार्च के अंत में मॉर्गन स्टैनली ने टाटा केमिकल्स पर अपना नजरिया कमजोर किया। ब्रोकरेज ने इसे ‘ओवरवेट’ से घटाकर ‘अंडरवेट’ कर दिया और टारगेट प्राइस 1,082 रुपये से घटाकर 566 रुपये कर दिया। इसकी वजह सोडा ऐश मार्केट में ज्यादा सप्लाई और बढ़ती एनर्जी लागत बताई गई है, जिससे मार्जिन पर दबाव है।
PL कैपिटल ने टीसीएस को खरीदने की सलाह दी है। यह शेयर 3,520 रुपये तक जा सकता है। टाटा एलेक्सी के लिए 4,980 रुपये और टाटा टेक्नोलॉजीज के लिए 610 रुपये का टारगेट दिया गया है। वहीं चॉइस ब्रोकिंग ने TCS पर 3,350 रुपये का टारगेट दिया है। HDFC सिक्योरिटीज ने 3,000 रुपये के टारगेट के साथ ‘एड’ रेटिंग दी है।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के लिए जियोजित ब्रोकरेज ने 341 रुपये का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि नए प्रोडक्ट लॉन्च और प्राइसिंग फैसले मार्जिन सुधारने में मदद कर सकते हैं। साथ ही इलेक्ट्रिक व्हीकल्स पर कंपनी का फोकस और लोकलाइजेशन से मिलने वाले फायदे भी पॉजिटिव हैं। हालांकि वेस्ट एशिया में चल रहा तनाव कंपनी की लागत पर असर डाल सकता है, जिससे जोखिम बना हुआ है।

