अमीरों की सूची में अदाणी 16वें नंबर पर, आज 23 अरब डॉलर का घाटा 

अब मुकेश अंबानी एशिया के सबसे अमीर, अदाणी के शेयर लोअर सर्किट में 

मुंबई- अमेरिकी रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के करीब एक हफ्ते बाद अदाणी समूह के मालिक गौतम अदाणी अब शीर्ष अमीरों की सूची में 16वें स्थान पर पहुंच गए हैं। जबकि रिलायंस के मुखिया मुकेश अंबानी छलांग लगाकर 10वें नंबर पर पहुंच गए हैं। अब अंबानी एशिया के सबसे अमीर कारोबारी हैं। आज सुबह दाणी की कुल संपत्ति 23 अरब डॉलर गिरकर 67 अरब डॉलर रही। जबकि मुकेश अंबानी की संपत्ति 83.7 अरब डॉलर रही। 

आज सुबह अदाणी की सभी कंपनियों के शेयर लोअर सर्किट में हैं। सबमें 10-10 फीसदी की गिरावट है। सीमेंट कंपनियों में कम गिरावट है। इससे कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में गिरावट आई और साथ ही अदाणी की संपत्ति भी घट गई। अब वे अमीरों की सूची में गिरते जा रहे हैं। 

अदाणी की कंपनियों में शेयरों की बुधवार को भी अच्छी खासी गिरावट रही। इससे समूह का कुल बाजार पूंजीकरण घटकर 11.76 लाख करोड़ रुपये हो गया। पिछले हफ्ते मंगलवार को यह 19.20 लाख करोड़ रुपये था। यानी 7.44 लाख करोड़ रुपये की कमी आई है। बुधवार को पहली बार अदाणी की कंपनियों के शेयर 28 फीसदी से ज्यादा तक टूट गए। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के पहले दिन इनमें केवल 20 फीसदी तक ही गिरावट आई थी। समूह की कुल 11 कंपनियां शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं। 

रिपोर्ट आने से पहले गौतम अदाणी की संपत्ति 120 अरब डॉलर थी। उस आधार पर अब तक उनकी संपत्ति 55 अरब डॉलर घट चुकी है। पिछले साल 16 सितंबर को अदाणी दुनिया के दूसरे सबसे अमीर कारोबारी थे। उस समय उनकी कुल नेटवर्थ 155 अरब डॉलर के पार थी। तब उनकी कंपनियों के शेयर भी एक साल के उच्च स्तर पर पहुंच गए थे और उस समय भारत में टाटा समूह के बाद बाजार पूंजीकरण के लिहाज से यह दूसरा सबसे बड़ा समूह था। 

उधर अदाणी ने अपने एंटरप्राइजेज कंपनी के फालोआन पब्लिक आफर को टाल दिया है। यह पूरी तरह से भर गया था लेकिन बुधवार को गौतम अदाणी ने कहा कि नैतिक आधार पर वे इसे वापस ले रहे हैं क्योंकि निवेशकों को घाटा नहीं देना चाहते हैं। एफपीओ का भाव 3112 से 3276 रुपये तय था जबकि अब इस कंपनी का शेयर 2000 रुपये से भी नीचे आ गया है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *