वरिष्ठ नागरिक और छोटी योजनाओं के निवेश पर हो रहा है भारी घाटा
मुंबई- कर्ज पर जहां ब्याज पिछले 5 महीनों में करीब 2 फीसदी तक बढ़ा है, वहीं दूसरी ओर जमा पर ब्याज एक फीसदी तक ही बढ़ा है। महंगाई दर लगातार सात फीसदी के ऊपर है। लेकिन इस बीच जो सबसे बड़ा झटका लगा है वह छोटी बचत योजनाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए है। पिछले दो वर्षों में इन पर मिलने वाले ब्याज में जमकर कटौती की गई है।
इसमें जो सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात है वह यह कि वरिष्ठ नागरिकों से लेकर बच्चियों के लिए शुरू की गई योजना सुकन्या समृद्धि पर भी सरकार ने कैंची चला दी है। ऐसे में निवेश के लिए अब यह साधन बहुत आकर्षक नहीं रह गए हैं। खासकर इनकी लंबे समय तक की लॉक इन अवधि निवेशकों के लिए और भी सेटबैक है।
एक साल के टाइम डिपॉजिट पर वित्तवर्ष 2020 की चौथी तिमाही में 6.9 फीसदी ब्याज था अब यह 5.5 फीसदी है। इसी दौरान 2 साल के टाइम डिपॉजिट पर ब्याज 6.9 फीसदी से घटकर 5.7 फीसदी, 3 साल के टाइम डिपॉजिट पर 6.9 फीसदी से घटकर 5.8 फीसदी और 5 साल के टाइम डिपॉजिट पर यह 7.7 फीसदी से घटकर 6.7 फीसदी रह गया। यही नहीं, रिकरिंग जमा पर भी इस दौरान ब्याज घट गया। यह 7.2 फीसदी से घटकर 5.8 फीसदी पर आ गया है।
सरकार की इन योजनाओं में वरिष्ठ नागरिकों को भी घाटा हुआ है। वित्त वर्ष 2020 की चौथी तिमाही में 5 साल की वरिष्ठ नागरिक बचत योजना पर 8.6 फीसदी ब्याज मिलता था। अब यह घटकर 7.6 फीसदी पर आ गया है। 5 साल की मासिक आय योजना (इनकम स्कीम) पर तब 7.6 फीसदी ब्याज मिलता था। अब यब 6.7 फीसदी हो गया है। 5 साल के राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र पर तब 7.9 फीसदी ब्याज मिलता था जो अब घटकर 6.8 फीसदी हो गया है।
टाइम डिपॉजिट पर 2020 की चौथी तिमाही में एक लाख के निवेश पर एक साल में 6,900 रुपये ब्याज मिलता था। अब यह घटकर 5,500 रुपये हो गया है। दो साल में आपको 13,800 ब्याज मिलना चाहिए लेकिन अब 11,400 रुपये ब्याज मिलेगा। रिकरिंग जमा पर एक साल में 7,200 रुपये ब्याज मिलता थो अब 5,800 रुपये हो गया है। यानी 1,400 रुपये का घाटा हो रहा है।
इसी तरह पीपीएफ पर यही ब्याज 7.9 फीसदी से घटकर 7.1 फीसदी जबकि किसान विकास पत्र पर यह 7.6 फीसदी से कम होकर 7 फीसदी हो गया है। सुकन्या समृद्धि योजना जिस पर सबसे ज्यादा 8.4 फीसदी ब्याज मिलता था, यह भी अन्य योजनाओं की तरह घाटे वाली हो गई। अब इस पर 7.6 फीसदी ब्याज मिल रहा है। यानी वरिष्ठ नागरिक और सुकन्या समृद्धि योजना दोनों अब बराबर ब्याज वाली हैं। ऐसे में इन योजनाओं में निवेश करने में कोई बुद्धिमानी नहीं है।
कई कंपनियों के कॉरपोरेट बॉन्ड पर इस समय 9 फीसदी से ज्यादा ब्याज मिल रहा है। जबकि एनसीडी पर यह 10 फीसदी तक है। इनका लॉक इन अवधि भी अन्य योजनाओं की तुलना में काफी कम है। इस समय कई कंपनियों के एनसीडी भी आए हैं। कुछ एनबीएफसी भी जमा पर आकर्षक ब्याज दे रही हैं। ऐसे में इन साधनों में निवेश के लिए मौका तलाशा जा सकता है।

