मैरिको का मुनाफा बढ़कर 408 करोड़ रुपये, निवेशकों को 400 फीसदी का डिविडेंड
मुंबई- FMCG सेक्टर की जानी-मानी कंपनी मैरिको लिमिटेड का मार्च तिमाही में मुनाफा 18.26 प्रतिशत बढ़कर 408 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। पिछले साल की इसी तिमाही में 345 करोड़ रुपये का फायदा हुआ था। कंपनी का कुल रेवेन्यू 3,333 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल 2,730 करोड़ रुपये के करीब था।
कारोबार बढ़ने के साथ ही कंपनी के खर्चों में भी बढ़ोतरी हुई है। इस तिमाही के दौरान मैरिको का कुल खर्च 2,889 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी दौरान यह 2,336 करोड़ रुपये था। पूरे वित्त वर्ष में कंपनी का कुल मुनाफा 1,813 करोड़ रुपये रहा है, जो उससे पिछले साल 1,658 करोड़ रुपये था। इसी तरह पूरे साल की कुल कमाई भी 10,831 करोड़ रुपये से बढ़कर 13,611 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गई है।
इन शानदार नतीजों के बीच कंपनी ने अपने निवेशकों (इन्वेस्टर्स) को भी खुश करने की तैयारी कर ली है। कंपनी ने 4 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है। कंपनी के शेयरों का फेस वैल्यू 1 रुपये है, जिसके हिसाब से यह 400 फीसदी बैठता है।

