50,000 रुपये का है यह शेयर, अब एक के बदले मिलेंगे 20 शेयर, यह है कारण
मुंबई- बॉश लिमिटेड (Bosch Limited) का शेयर अब 20 भागों में बंटेगा। 50,000 रुपये के इस शेयर पर कंपनी हर एक शेयर पर 20 शेयर देगी। ये 2004 के बाद कंपनी का पहला स्टॉक स्प्लिट है। 6 नवंबर को BSE पर बॉश का शेयर 3.21% गिरकर ₹50,765 पर बंद हुआ। पिछले दो हफ्ते में शेयर 15% तक चढ़ चुका है। 6 महीने में इसने 38.44% और इस साल अब तक 40.45% का रिटर्न दिया है।
बोर्ड ने 1:5 के स्टॉक स्प्लिट को मंजूरी दी है। इसके तहत ₹10 फेस वैल्यू का हर शेयर ₹2 फेस वैल्यू के 5 शेयरों में बंट जाएगा। इसके साथ 3:1 के अनुपात में बोनस शेयर भी मिलेंगे, यानी हर 1 शेयर पर 3 बोनस शेयर। स्प्लिट और बोनस को मिलाकर 1 शेयर कुल 20 शेयर बन जाएगा। जिसके पास आज बॉश के 10 शेयर हैं, उसके पास 200 शेयर हो जाएंगे।
बॉश ने दो दशक से ज्यादा समय में पहली बार स्टॉक स्प्लिट का ऐलान किया है। इससे पहले 2004 में कंपनी ने ₹100 फेस वैल्यू के 1 शेयर को ₹10 फेस वैल्यू के 10 शेयरों में बांटा था। अब ₹10 वाला शेयर ₹2 फेस वैल्यू के 5 शेयरों में बंटेगा।
जुलाई-सितंबर तिमाही में बॉश का नेट प्रॉफिट ₹839.4 करोड़ रहा, जो पिछले साल इसी तिमाही में ₹708 करोड़ था। रेवेन्यू सालाना आधार पर 28.2% बढ़कर ₹7,655 करोड़ पर पहुंच गया, जो एक साल पहले ₹5,969 करोड़ था।
गुरुवार को ₹52,450 पर बंद हुआ शेयर ₹52,540 पर खुला और ₹52,650 तक चढ़ गया, जो इसका 52 हफ्ते का नया हाई है। इसके बाद बिकवाली शुरू हुई और शेयर ₹50,321.20 के निचले स्तर तक आ गया। आखिर में ये ₹50,765 पर बंद हुआ।

