सेंसेक्स 1718 अंक चढ़कर 81,000 पार, 7 दिन में 10 पर्सेंट की भारी तेजी

मुंबई- भारतीय शेयर बाजार में सातवें कारोबारी सत्र में भी भारी तेजी रही। लगातार सात दिनों में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई सेंसेक्स 10 पर्सेंट से ज्यादा चढ़कर 8 महीने बाद 81,000 के पार पहुंच गया है। दुनियाभर के बाजारों में गिरावट के बीच 6 नवंबर को सेंसेक्स 1718 अंक या 2.17% चढ़कर 81,028 के स्तर पर बंद हुआ।

निफ्टी में 494 अंक या 2.01% की तेजी रही, ये 25,030 के स्तर पर बंद हुआ है। गुरुवार को बाजार में साल की दूसरी बड़ी बढ़त रही थी। सेंसेक्स 2009 अंक चढ़कर 79310 पर बंद हुआ था। इससे पहले 8 अप्रैल को सेंसेक्स 2,946 अंक चढ़ा था। 28 अक्टूबर से लेकर 6 नवंबर के दौरान सेंसेक्स 73,246 से उछलकर 81,028 पर पहुंच गया है। यानी ये 10.62% या 7700 अंक चढ़ा है।

एक कारोबारी दिन पहले यानी 5 नवंबर 2026 को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹5,02,70,373 करोड़ था। अब यह ₹5,03,10,518 करोड़ पर पहुंच गया। इसका मतलब हुआ कि निवेशकों की पूंजी में 1.45 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई।

विदेशी निवेशकों (FII) ने पिछले 7 दिनों में ₹32,210 करोड़ का बड़ा निवेश किया है, जिससे घरेलू शेयर बाजार को जबरदस्त सपोर्ट मिला है। सितंबर तिमाही के मजबूत नतीजों से सेंटिमेंट सुधरा है। रिलायंस, इंफोसिस और टीसीएस जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में तेजी आई है।

विदेशी निवेशकों की शुरुआती खरीदारी से बड़े शेयरों में उछाल है। उम्मीद है कि अभी बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर के दिग्गज शेयरों में और तेजी दिख सकती है। लार्जकैप शेयरों में अभी और शॉर्ट कवरिंग होनी बाकी है, इसलिए बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों की अगुवाई में बड़े शेयरों में आगे और रिकवरी की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *